39 दिन पहले क्यों शुरू हुई ‘एक दिन’ की एडवांस बुकिंग? आमिर खान ने बताई वजह, कहा- ‘सफलता का पहला पैमाना’

3 Min Read
39 दिन पहले क्यों शुरू हुई ‘एक दिन’ की एडवांस बुकिंग? आमिर खान ने बताई वजह, कहा- ‘सफलता का पहला पैमाना’

आमिर खान के बेटे जुनैद खान साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी के साथ रोमांटिक ड्रामा ‘एक दिन’ में नजर आने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ये फिल्म अपनी रिलीज के पहले से ही एक खास वजह से जबरदस्त चर्चा में बनी हुई है। फिल्म अपनी एडवांस बुकिंग को लेकर खबरों में है, जो 39 दिन पहले ही शुरू हो गई। अब फिल्म की एडवांस बुकिंग के बारे में सुपरस्टार आमिर खान ने खुलकर बात की और बताया कि इतनी जल्दी उन्होंने टिकट बुकिंग क्यों शुरू की।

एक दिन की एडवांस बुकिंग पर आमिर ने क्या कहा

बातचीत के दौरान आमिर ने बताया कि यह आइडिया सबसे पहले टीम के ही किसी सदस्य ने दिया था। उन्होंने कहा, ‘सच तो यह है कि एक दिन एक बहुत छोटी फिल्म है। इस मायने में कि इसमें ऐसे कलाकार हैं जो बिल्कुल नए हैं। जुनैद ने अभी-अभी अपना करियर शुरू किया है और साई पल्लवी हिंदी में अपनी पहली फिल्म कर रही हैं। इसलिए मुझे लगा कि इस फिल्म को दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए थोड़ा ज्यादा समय चाहिए होगा। इसलिए हम जितनी जल्दी शुरुआत करेंगे, उतना ही बेहतर होगा। यह एक ऐसी कहानी है, जिस पर मुझे पूरा भरोसा है और मैं खुद भी काफी भावुक किस्म का दर्शक हूं।’

फिल्म ‘एक दिन’ हिट या फ्लॉप?

आमिर ने डायरेक्टर सुनील पांडे की तारीफ करते हुए कहा, ‘उन्होंने बहुत ही शानदार काम किया है। उन्होंने फिल्म के लिए बहुत मेहनत की है, वे बहुत ही बेहतरीन इंसान हैं। हममें से कोई नहीं जानता कि फिल्म अच्छा करेगी या नहीं, लेकिन मेरे लिए जो सबसे जरूरी बात है, वह यह है कि क्या हम स्क्रिप्ट को फ़िल्म में पूरी तरह से जीवंत कर पाए हैं। मेरे लिए, सफलता का पहला पैमाना यही है। इसलिए, जब मैं आज फिल्म देखता हूं तो मुझे लगता है कि सुनील ने स्क्रिप्ट में जो कुछ भी था। उसे पूरी ईमानदारी के साथ पर्दे पर उतारा है। बेशक, फिल्म की सफलता को समझने के लिए आंकड़े भी जरूरी होते हैं, लेकिन अगर कोई ऐसी फिल्म अच्छा कर जाए जो आपको पसंद ही न हो तो? मैं ऐसी सफलता से खुश नहीं होता।’

साईं पल्लवी की पहली बॉलीवुड फिल्म

सुनील पांडे के निर्देशन में बनी ‘एक दिन’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसे आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले मंसूर खान, आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 2016 की थाई फिल्म ‘वन डे’ का रीमेक है। इस फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। ये साई पल्लवी की पहली बॉलीवुड फिल्म है। इसके अलावा एक्ट्रेस साई निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version