न्यू उस्मानपुर: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में आज सुबह तड़के एक 19 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, शास्त्री पार्क स्थित DDA पार्क में युवक का शव खून से सना हुआ मिला। मृतक की पहचान न्यू सीलमपुर के के-ब्लॉक निवासी मोहम्मद तोहिद (19) के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि मोहम्मद तोहिद शनिवार रात करीब 10 बजे घर से बाहर निकला था, जिसके बाद उसका शव पार्क में बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस, उत्तर-पूर्वी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
आपको बताते चलें कि इस डीडीए पार्क में पहले भी मर्डर, डेड बॉडी मिलना जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
दिल्ली पुलिस ने कुख्यात ठक-ठक गैंग के 2 सक्रिय बदमाशों को गिरफ्तार किया एक खबर ये भी है कि दिल्ली पुलिस ने कुख्यात ठक-ठक गैंग के 2 सक्रिय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गंगेश नायडू और विक्रम के रूप में हुई, दोनों दक्षिणपुरी, अंबेडकर नगर के रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से 6 लाख नकद, लैपटॉप, मैकबुक, मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, सैमसंग ईयरबड्स, घड़ी, सेंधमारी के औजार और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर के तीन चोरी/सेंधमारी के मामलों का खुलासा किया। 30 जून को मिली गुप्त सूचना के आधार पर AATS टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों अंतरराज्यीय ‘ठक-ठक’ गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। गैंग लोगों का ध्यान भटकाकर (ठक-ठक तकनीक) कारों से नकदी और कीमती सामान चोरी करता था। तकनीकी जांच और पूछताछ में आरोपियों का लिंक दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और कर्नाटक के कई मामलों से मिला।

