‘पंचायत’ और ‘गुल्लक’ के बाद TVF का बड़ा ऐलान, नारियल में कैद आत्मा और चार दोस्तों की कहानी है हॉरर-कॉमेडी ‘बयांगी’

indianloveindia
3 Min Read
‘पंचायत’ और ‘गुल्लक’ के बाद TVF का नया ऐलान, जल्द आएगी नारियल में कैद आत्मा और चार दोस्तों वाली हॉरर फिल्म ‘बयांगी’

मुंबई। ‘कोटा फैक्ट्री’, ‘पंचायत’, ‘गुल्लक’ और ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ जैसी चर्चित वेब सीरीज के जरिए दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुके द वायरल फीवर (TVF) ने अब एक नई पारी की शुरुआत की है। TVF ने मराठी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने का ऐलान करते हुए अपनी पहली मराठी फिल्म ‘बयांगी: पलायची नाही, तालायची’ की घोषणा की है।

मेकर्स ने फिल्म का एक रहस्यमयी पोस्टर जारी कर इसकी घोषणा की। पोस्टर में एक नारियल के साथ जलता हुआ दीया नजर आ रहा है, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। यह फिल्म कोंकण की डरावनी लोककथाओं से प्रेरित हॉरर-कॉमेडी होगी, जिसमें सुपरनैचुरल घटनाओं के साथ कॉमेडी और मनोरंजन का तड़का देखने को मिलेगा।

TVF का मराठी सिनेमा में नया एक्सपेरिमेंट

TVF अपनी अनोखी और आम जिंदगी से जुड़ी कहानियों के लिए जाना जाता है। ऐसे में मराठी सिनेमा में उसकी पहली फिल्म भी कुछ अलग अंदाज में पेश की जा रही है।

‘बयांगी: पलायची नाही, तालायची’ में कोंकण की लोककथाओं और रहस्यमयी माहौल को आधुनिक ह्यूमर के साथ जोड़ा गया है। फिल्म की कहानी डर पैदा करने के साथ-साथ दर्शकों को हंसाने और मनोरंजन करने की कोशिश करेगी।

चार दोस्तों और रहस्यमयी ‘बयांगी’ की कहानी

फिल्म की कहानी कोंकण के धुंध से घिरे गांवों के बीच रहने वाले चार कुंवारे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। इन दोस्तों को लगता है कि उन्हें आलीशान जिंदगी जीने का एक अनोखा ‘चीट कोड’ मिल गया है।

लेकिन उनकी खुशी उस वक्त डर में बदल जाती है, जब उन्हें पता चलता है कि बयांगी की एक तय वैलिडिटी होती है और उसे निश्चित समय के भीतर वापस करना जरूरी है। अगर ऐसा नहीं किया गया तो उसकी विनाशकारी शक्ति बाहर आ सकती है।

इसके बाद चारों दोस्तों के सामने खुद को बचाने की चुनौती खड़ी हो जाती है। वे मिलकर बयांगी को मात देने की कोशिश करते हैं, लेकिन इसी दौरान उन्हें एहसास होता है कि उनकी हर इच्छा की अपनी एक कीमत है।

अमेय वाघ समेत ये कलाकार आएंगे नजर

TVF द्वारा प्रोड्यूस इस फिल्म का निर्देशन अभय राउत ने किया है। अभय राउत इससे पहले ‘गुल्लक’ सीजन 5 का निर्देशन भी कर चुके हैं।

फिल्म में अमेय वाघ, हार्दिक जोशी, मनमीत पेम और अविनाश खेडेकर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के अनोखे कॉन्सेप्ट और कलाकारों की कास्टिंग ने इसके प्रति उत्सुकता बढ़ा दी है।

TVF इससे पहले ‘पंचायत’, ‘गुल्लक’, ‘कोटा फैक्ट्री’ और ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ जैसे सफल प्रोजेक्ट्स के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर चुका है। अब मराठी सिनेमा में उसका यह हॉरर-कॉमेडी प्रयोग कितना सफल रहता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *