नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव शामिल हैं। इसके अलावा संगठन, मीडिया, सोशल मीडिया और विभिन्न मोर्चों में भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नई टीम में वसुंधरा राजे, राम माधव, स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े और बैजयंत पांडा जैसे बड़े नामों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं।
नितिन नबीन की नई टीम में क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ अनुभवी और नए चेहरों का मिश्रण दिखाई दे रहा है। खास तौर पर उत्तर प्रदेश को मिली जिम्मेदारियां 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही हैं।
दिल्ली के बाद UP का दबदबा
उपलब्ध सूची के मुताबिक उत्तर प्रदेश से 8 नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिली है। इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष से लेकर महासचिव, सचिव और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष तक शामिल हैं।
यूपी से इन 8 नेताओं को मिली जिम्मेदारी
- रेखा वर्मा — राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
- प्रो. तारिक मंसूर — राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
- स्मृति ईरानी — राष्ट्रीय महासचिव
- हरीश द्विवेदी — राष्ट्रीय महासचिव
- डॉ. भोला सिंह — राष्ट्रीय सचिव
- संगीता यादव — राष्ट्रीय सचिव
- अमरपाल मौर्य — भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष
- कुंवर बासित अली — भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष
प्रो. तारिक मंसूर और रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही यूपी को संगठन के शीर्ष स्तर पर महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। वहीं स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
दिल्ली सबसे आगे, 10 नेताओं को जगह
नई टीम में दिल्ली का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक है। दिल्ली से 10 नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां मिली हैं।
इनमें राम माधव राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन), सुनील बंसल राष्ट्रीय महासचिव और संदीप पाठक राष्ट्रीय सचिव जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
दिल्ली से मीडिया और सोशल मीडिया संगठन में भी कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
मध्य प्रदेश से 6 चेहरे
मध्य प्रदेश को भी नई टीम में अच्छी हिस्सेदारी मिली है। राज्य से 6 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
- लाल सिंह आर्य — राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
- गजेंद्र पटेल — राष्ट्रीय महासचिव
- कविता पाटीदार — राष्ट्रीय सचिव
- विष्णु दत्त शर्मा — ऑल सेल्स कोऑर्डिनेटर
- बंसीलाल गुर्जर — किसान मोर्चा अध्यक्ष
- आशीष उषा अग्रवाल — मीडिया को-कन्वीनर
राजस्थान से वसुंधरा राजे समेत 4 नेता
राजस्थान से चार नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिली है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को एक बार फिर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उनके अलावा सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
- वसुंधरा राजे — राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
- सतीश पूनिया — राष्ट्रीय महासचिव
- राजेश मंगल — राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष
- डॉ. मन्नालाल रावत — एसटी मोर्चा अध्यक्ष
महाराष्ट्र से भी 4 बड़े नाम
महाराष्ट्र से भारती प्रवीण पवार, विनोद तावड़े, पीयूष गोयल और प्रीति गांधी को अलग-अलग जिम्मेदारियां मिली हैं।
खास बात यह है कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है।
गुजरात से 4 नेताओं को जिम्मेदारी
गुजरात से भी चार नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह दी गई है।
- वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी — राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
- जगदीश ईश्वरभाई पटेल — राष्ट्रीय सचिव
- रोहन गुप्ता — राष्ट्रीय सचिव
- डॉ. हेमंग जोशी — भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
पूर्वोत्तर पर भी BJP का फोकस
नितिन नबीन की टीम में पूर्वोत्तर राज्यों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। नगालैंड से फांगनोन कोन्याक को राष्ट्रीय सचिव और असम से मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
दक्षिण भारत के नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी
नई टीम में दक्षिण भारत के राज्यों का प्रतिनिधित्व भी दिखाई देता है। आंध्र प्रदेश से डी. पुरंदेश्वरी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनी हैं। कर्नाटक से एम. नागराजा, तमिलनाडु से एम. वेंकटेशन और ओडिशा से बैजयंत पांडा को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा उत्तराखंड से पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और हरियाणा से संजय भाटिया को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। पश्चिम बंगाल से मनोज तिग्गा को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
2027 के चुनावों से पहले बड़ा संगठनात्मक संदेश
नितिन नबीन की नई टीम ऐसे समय सामने आई है जब भाजपा अगले साल होने वाले कई महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी है। इनमें उत्तर प्रदेश सबसे अहम राज्यों में है। ऐसे में यूपी को राष्ट्रीय संगठन में मिला प्रतिनिधित्व राजनीतिक तौर पर खास महत्व रखता है।
नई टीम में अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन, महिला प्रतिनिधित्व और सामाजिक समीकरण को साधने की कोशिश साफ दिखाई देती है। पार्टी ने कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में छह महिलाओं को जगह दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नई टीम को संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा और जमीनी जुड़ाव का मिश्रण बताते हुए सभी नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।
यानी नितिन नबीन की पहली बड़ी राष्ट्रीय टीम में सबसे बड़ा सवाल सिर्फ यह नहीं है कि किसे कौन-सा पद मिला, बल्कि यह भी है कि 2027 के चुनावी रण में इन चेहरों को BJP किस तरह मैदान में उतारती है।
