मुंबई: मशहूर गायक सोनू निगम की पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स से जुड़ी कानूनी लड़ाई आखिरकार खत्म हो गई है। अपने नाम, तस्वीर और डिजिटल पहचान के कथित दुरुपयोग को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचे सोनू निगम का अपने हमनाम सोनू निगम सिंह के साथ चल रहा विवाद अब आपसी सहमति से सुलझ गया है।
दोनों पक्षों के बीच हुए लिखित समझौते की शर्तों को बॉम्बे हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड पर लेते हुए मामले का निपटारा कर दिया है।
कैसे शुरू हुआ था ‘सोनू निगम Vs सोनू निगम’ विवाद?
विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मौजूद एक अकाउंट से हुई थी। गायक सोनू निगम की आपत्ति इस बात को लेकर थी कि उनके हमनाम सोनू निगम सिंह ने अपने अकाउंट का यूजरनेम तो अपने पूरे नाम से रखा था, लेकिन डिस्प्ले नेम में सिर्फ ‘सोनू निगम’ लिखा हुआ था।
इसके अलावा अकाउंट पर गायक सोनू निगम की तस्वीर का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप था। अकाउंट के हजारों फॉलोअर्स होने के कारण गायक की ओर से दलील दी गई कि इससे लोगों और उनके प्रशंसकों के बीच यह भ्रम पैदा हो सकता है कि अकाउंट खुद मशहूर गायक का है।
सोनू निगम ने इसे अपनी वर्षों में बनाई गई प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत पहचान के अधिकार से जुड़ा मामला बताया था।
हाईकोर्ट ने पहले क्या कहा था?
इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने 11 जुलाई 2025 को अंतरिम आदेश पारित किया था। जस्टिस आरआई चागला की अदालत ने माना था कि ‘सोनू निगम’ नाम गायक की विशिष्ट पहचान से जुड़ा हुआ है।
अदालत ने सोशल मीडिया पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा केवल ‘सोनू निगम’ को डिस्प्ले नेम या मुख्य अकाउंट नेम के तौर पर इस्तेमाल करने पर रोक लगाई थी।
हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि सोनू निगम सिंह को अपना पूरा नाम ‘सोनू निगम सिंह’ इस्तेमाल करने का अधिकार है, बशर्ते उनके अकाउंट से लोगों के बीच गायक सोनू निगम को लेकर किसी तरह का भ्रम पैदा न हो।
बातचीत के बाद हुआ समझौता
अदालत के अंतरिम आदेश के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई। आखिरकार दोनों ने एक लिखित समझौते पर सहमति जताई।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने समझौते की शर्तों और दोनों पक्षों की ओर से दिए गए आश्वासनों को रिकॉर्ड पर लेते हुए मुकदमे को समाप्त कर दिया। इस तरह एक ही नाम वाले दो लोगों के बीच चली डिजिटल पहचान की कानूनी लड़ाई अब औपचारिक रूप से खत्म हो गई है।
सेलिब्रिटी पर्सनैलिटी राइट्स के लिहाज से अहम मामला
यह मामला डिजिटल दौर में पर्सनैलिटी राइट्स, पब्लिसिटी राइट्स और ऑनलाइन पहचान की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर किसी मशहूर व्यक्ति के नाम या तस्वीर का इस तरह इस्तेमाल किया जाना कि लोगों को अकाउंट की वास्तविक पहचान को लेकर भ्रम हो, सेलिब्रिटीज के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है।
खास तौर पर तब, जब किसी नाम के साथ वर्षों से किसी सार्वजनिक व्यक्ति की मजबूत पहचान जुड़ी हो।
इस मामले में अदालत की शुरुआती टिप्पणी और बाद में दोनों पक्षों के बीच हुआ समझौता यह दिखाता है कि डिजिटल दुनिया में सेलिब्रिटी की पहचान और प्रतिष्ठा से जुड़े अधिकारों को लेकर कानूनी संरक्षण का दायरा लगातार महत्वपूर्ण हो रहा है।
हाल के दिनों में सोनू निगम अपनी सर्जरी के दौरान गाना गाते हुए वीडियो को लेकर भी चर्चा में रहे थे। इसके अलावा वह मुंबई में एक नई कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदने को लेकर भी सुर्खियों में आए थे।
