आगरा: पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी की स्मृति और उनके सद्भावना संदेशों को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कर्नाटक से निकली राजीव ज्योति सद्भावना यात्रा मंगलवार को आगरा पहुंची। आगरा-ग्वालियर रोड स्थित ककुआ में पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह सिकरवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लवानिया मैरिज होम में यात्रा दल में शामिल करीब 60 सदस्यों के लिए भोजन की व्यवस्था की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
9 अगस्त को कर्नाटक से शुरू हुई यात्रा
राजीव गांधी ज्योति यात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर. डोराइवेलु यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। आयोजकों के मुताबिक, यात्रा की शुरुआत 9 अगस्त को कर्नाटक से हुई थी।
कर्नाटक के बाद यात्रा तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश पहुंची है। आगरा में कार्यक्रम के बाद यात्रा हरियाणा के रास्ते नई दिल्ली के लिए रवाना होगी।
19 अगस्त को वीरभूमि में होगा समापन
आयोजकों के अनुसार राजीव ज्योति सद्भावना यात्रा का 19 अगस्त को नई दिल्ली स्थित वीरभूमि स्मृति स्थल पर समापन होगा।
समापन कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
आगरा में यात्रा के स्वागत कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी हेमंत चाहर, जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी सत्येंद्र दुबे, जगदीश लवानिया, धर्मवीर शर्मा, संतोष जाटव, सत्येंद्र मुद्गल, अशोक, सचिन ऋषि, मोहित यादव और हरीचंद कुशवाह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य राजीव गांधी के सद्भावना, एकता और सामाजिक समरसता के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है।
