मंडी: हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंडी जिले में स्थित हणोगी टनल के अंदर दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
सुबह पौने 8 बजे हुआ भीषण हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा गुरुवार सुबह करीब 7:45 बजे हुआ। दोनों ट्रक टनल के भीतर थे, तभी उनमें जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद टनल के अंदर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
7 घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
हादसे में घायल हुए सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों और घायलों की विस्तृत पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
टक्कर के बाद दोनों ट्रकों के उड़े परखच्चे
हादसे की तस्वीरों से टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहन टनल के बीच में खड़े होने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस और संबंधित टीमों की ओर से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का काम किया जा रहा है, ताकि मार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो सके।
कुछ समय प्रभावित रहा चंडीगढ़-मनाली हाईवे
हादसे के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के साथ यातायात को नियंत्रित किया।
हादसे की पुष्टि डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कहां स्थित है हणोगी टनल?
हणोगी टनल हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में NH-3 यानी चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। यह पंडोह और औट के बीच आती है और कुल्लू-मनाली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और दोनों ट्रकों के बीच टक्कर की वजह का पता लगाने में जुटी है।
