चमोली। उत्तराखंड के माणा में ग्लेशियर टूटने से भारी हिमस्खलन हो गया है। जिससे सीमा सड़क संगठन (BRO) के कैंप को क्षति पहुंची है। बताया गया कि यहां करीब 57 मजदूरों के होने की सूचना है। सेना व ITBP मौके पर पहुंच चुकी है।
वहीं अब तक बर्फ में दबे 16 मजदूरों को निकाला जा चुका है। ये सभी माणा से माणा पास तक 50 किमी क्षेत्र में हाइवे चौड़ीकरण डामरीकरण के कार्य में लगी कंपनी के मजदूर हैं। इस सड़क का कार्य EPC कंपनी के माध्यम से BRO करा रही है।
BRO के कैंप के पास भारी हिमस्खलन हुआ है। तीन मजदूरों को गंभीर हालत में सेना चिकित्सालय भेजा गया है। सेना व ITBP रेस्क्यू में जुटी है। हनुमान चट्टी से आगे हाइवे बंद है।
SDRF व NDRF मौके के लिए रवाना हुई है, लेकिन हाइवे बंद होने के कारण वो रास्ते में ही फंसे हैं। जिलाधिकारी डा संदीप तिवारी ने कहा 57 मजदूरों के माणा पास क्षेत्र में होने की सूचना है।
IRS से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश
वहीं चमोली जनपद में हो रही बारिश और बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने IRS से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकारियों को बाधित हुई सड़कों पर यातायात सुचारू करने तथा क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों का सुधारीकरण कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए हैं।