पटना। देश में इन दिनों मुगल शासक औरंगजेब को लेकर खूब सियासत हो रही है। महाराष्ट्र के सपा विधायक अबू आजमी के बाद अब बिहार के नेताओं ने औरंगजेब की जमकर तारीफ़ की है।
बिहार विधान मंडल परिसर में बजट सत्र के चौथे दिन सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाईटेड के विधायक खालिद अनवर और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के विधायक अख्तरूल ईमान ने औरंगजेब को बेहतर शासक बता दिया है।
इन दोनों के बयान पर बिहार भाजपा ने पटलवार किया है। कहा कि जदयू नेताओं का ऐसा कहना गलत है। ऐसा बोलना सही नहीं है। वह गलत बोल रहे हैं।
क्या कहा जदयू MLC ने?
जनता दल यूनाईटेड के विधान पार्षद (MLC) खालिद अनवर ने कहा कि औरंगजेब अच्छे राजा थे। इस मामले में अलग अलग इतिहासकारों की अलग अलग राय है। कोई इतिहासकार उन्हें अच्छा कहता है तो कोई उन्हें बुरा कहता है। वह राजा थे और राजा अपने हिसाब से हुकूमत करता है।
उन्होंने आगे कहा कि मेरी राय में भी वह एक अच्छे राजा थे। वहीं अबू आजमी को पाकिस्तान भेजने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए। कुछ अतिवादी लोग हैं, उन्हें ऐसा नहीं बोलना चाहिए।
औरंगजेब सूफी और प्रेम रस घोलने वाले शासक
वहीं AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अख्तरूल ईमान ने कहा कि हमने जो पढ़ा है उसे हिसाब से औरंगजेब बेहतर शासक थे। भाजपा वाले कुछ भी कह सकते हैं। इनको अमन पसंद नहीं आता है। यह लोग हमेशा चाहते हैं देश में उन्माद फैलता रहे। औरंगाजेब के प्रयासों को हम भुला नहीं सकते हैं।
औरंगजेब ऐसे सूफी शासक थे, जिसने खंडित भारत को, टुकड़े-टुकड़े में बंटे भारत को, अफगानिस्तान से लेकर बर्मा तक बंटे भारत को जोड़ा। भारत को महान बनाया। इतिहास के पन्नों को तोड़ मरोड़ कर पेश नहीं किया जाए।
इस देश का संविधान इस देश के उन्मादी बयानबाजी को स्वीकार नहीं करता है। न्यायपालिका को इसपर संज्ञान लेना चाहिए। सपा विधायक अबू आजमी पर कार्रवाई गलत है। भाजपा वाले नफरत के सौदागर हैं।
मैंने इतिहास में जो भी पढ़ा है, उसके हिसाब से औरंगजेब इंसाफ पसंद, समाजसेवी, हिन्दू-मुस्लिम नफरत को मिटाने वाला और प्रेम रस घोलने वाले शासक थे।
मंदिर तोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मंदिर को उन्होंने कभी नहीं तोड़ा यह बात गलत है। विधायक ईमान ने भी महाराष्ट्र में सपा विधायक अबू आजमी के बयान का समर्थन किया है।
क्या कहा था अबू आजमी ने?
दरअसल, तीन मार्च को महाराष्ट्र विधानसभा में समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने मीडिया से बात करते हुए कहा था, ‘सारा गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए…औरंगजेब क्रूर नहीं था।’
एक समाचार चैनल के साथ इंटरव्यू में सपा नेता ने कहा था, ‘मैंने औरंगजेब के बारे में जितना पढ़ा है, उसने कभी भी जनता का पैसा अपने लिए नहीं लिया, उसका शासन बर्मा (वर्तमान म्यांमार) तक फैला हुआ था, उस समय देश को सोने की चिड़िया कहा जाता था।’
उन्होंने कहा था कि मुझे लगता है कि वह एक महान प्रशासक थे, उसकी सेना में कई हिंदू कमांडर थे। हालांकि, औरंगजेब की तारीफ करने के बाद अबू आजमी को पूरे बजट सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। उसके बाद आज़मी ने ने अपना बयान वापस लेते हुए खेद प्रकट किया था।