मुंबई। महाराष्ट्र में सपा विधायक अबू आजमी ने पिछले दिनों औरंगजेब की तारीफ की थी, जिसके बाद जमकर बवाल मचा था। विवाद बढ़ने पर आजमी को विधानसभा से सस्पेंड भी कर दिया गया था। अब उन्होंने संभाजी महाराज की तारीफ की है।
संभाजी महाराज की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
दरअसल, संभाजी महाराज की पुण्यतिथि पर अबू आजमी ने उनकी तारीफ कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मराठी में ट्वीट कर अबू आजमी ने लिखा, “स्वराज्य के दूसरे छत्रपति, पराक्रमी योद्धा, धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज को उनके बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
बता दें, पिछले दिनों अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफ कर उन्हें अच्छा बादशाह बताया था। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बवाल खड़ा हो गया था। बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने उनके इस बयान की कड़ी आलोचना कर उनपर संभाजी महाराज का आपमान का आरोप लगाया था।
क्या कहा था अबू आजमी ने
अबू आजमी ने कहा था, “मैं औरंगजेब को क्रूर शासक नहीं मानता। उस दौर में सत्ता संघर्ष राजनीतिक थे, धार्मिक नहीं।” औरंगजेब की सेना में कई हिन्दू थे, जैसे छत्रपति शिवाजी की सेना में कई मुस्लिम थे।
उन्होंने कहा, जो लोग ये दावा कर रहे हैं कि छत्रपति संभाजी महाराज और औरंगजेब के बीच हिन्दू और मुसलमान की लड़ाई थी, वो लोग झूठ बोल रहे हैं।”
मांगी थी माफी
हालांकि, औरंगजेब पर दिए अपने बयान के बाद आबू आजमी ने माफी मांग ली थी। उन्होंने कहा था कि वो छत्रपति शिवाजी महाराज और संभाजी महाराज के खिलाफ बोलने के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं।
मैं इतना बड़ा नहीं हूं, मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़कर दिखाया गया है। औरंगजेब के बारे में मैंने वही कहा है जो इतिहासकारों और लेखकों ने कहा है।