आगरा। ATS आगरा यूनिट ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहे फिरोजाबाद की ऑर्डिनेंस फैक्टरी के चार्जमैन रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके मोबाइल से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
नेहा नाम की जिस आईएसआई हैंडलर लड़की से रविंद्र बात करता था, उसका नंबर मोबाइल में रविंद्र ने अपने साथी कर्मचारी के नाम से सेव कर रखा था। जिससे घर में पत्नी या अन्य किसी परिजन को कोई शक न हो।
फिरोजाबाद की ऑर्डिनेंस फैक्टरी में चार्जमैन रविंद्र कुमार को फेसबुक पर एक युवती की मदद से ISI ने अपने जाल में फंसाया। नेहा शर्मा नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई।
इसके बाद दोस्ती की गई। दोस्ती के दौरान प्यार भरी बातें शुरू हुईं। पहले फेसबुक मैसेंजर पर बातें होती थीं। इसके बाद व्हाट्सएप नंबर लेकर फोन पर बातचीत शुरू हो गई।
ISI हैंडलर लड़की का नंबर रविंद्र ने अपने मोबाइल में ऑर्डिनेंस फैक्टरी के साथी कर्मचारी के नाम से सेव कर रखा था। जिससे वह आराम से लड़की से बात कर रखे और पत्नी व अन्य किसी परिजन को कोई शक न हो।
जाल में फंस जाने के बाद ISI हैंडलर ने रविंद्र से गोपनीय जानकारी लेना शुरू किया। वर्तमान में सेना से जुड़े कई प्रोजेक्ट पर फैक्ट्री में काम चल रहा है। कई बड़े उपकरण भी तैयार किए जा रहे हैं।
रविंद्र कुमार से व्हाट्सएप पर कई सारी जानकारी ले ली गईं, जिस नंबर से बातचीत हो रही थी, वह खुफिया एजेंसियों के रडार पर था। उसमें से कई सारे गोपनीय दस्तावेज जो व्हाट्सएप पर भेजे गए थे, उनको डिलीट कर दिया गया था। मामले में लखनऊ ATS थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।