मुरादाबाद। श्री कल्कि धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष व पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने एक बार फिर राहुल गांधी पर हमला बोला है। कांग्रेस के भविष्य पर कहा कि पार्टी की दुकान बंद हो चुकी है। जब तक पार्टी में राहुल गांधी हैं, कांग्रेस नहीं पनप सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल को हटा नहीं सकती और कांग्रेस पनप नहीं सकती। राहुल को भारतीय संस्कृति, भारतीय समाज की समझ नहीं है। संभल में जामा मस्जिद का रंग भगवा करने की मांग पर उनका कहना था कि रंग किसी संप्रदाय से जुड़े हुए नहीं हैं।
सभी रंग सभी संप्रदायों के लिए एक समान हैं। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आज मुरादाबाद के राजमहल होटल में पत्रकारों के साथ श्रीकल्कि धाम के निर्माण संबंधी चर्चा की।
21 मार्च से शुरू होगा निर्माण
उन्होंने बताया कि कल्किधाम का निर्माण विधिवत रूप से 21 मार्च से शुरू हो जाएगा। धाम का निर्माण नागर शैली में हो रहा है। निर्माण में लोहा व स्टील का इस्तेमाल नहीं होगा।
धाम का निर्माण वंशी पहाड़पुर के गुलाबी पत्थर से होगा। इसी पत्थर से श्रीराम मंदिर, सोमनाथ और अक्षरधाम मंदिर बने हैं। कल्कि धाम 4.50 एकड़ में बनेगा। इसकी ऊंचाई 171 फीट होगी। भगवान विष्णु के दस अवतारों के 10 अलग-अलग गर्भगृह होंगे। 11वां गर्भगृह माता वैष्णो देवी का होगा।
तीन मंडप होंगे, जिसमें 2,500 लोग रुक सकेंगे। धाम में वेद विद्यापीठम और अस्पताल की स्थापना होगी। विश्व स्तरीय लाइब्रेरी बनेगी। उन्होंने कहा कि दुनिया में अभी तक शरीर पर शोध होता है, लेकिन श्री कल्कि अस्पताल में आत्मा पर शोध होगा।
उन्होंने कहा कि दुनिया का पहला धाम होगा जो भगवान श्रीकल्कि के अवतार से पहले बन रहा है। यह सौभाग्य की बात है कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का शिलान्यास के बाद श्रीकल्कि धाम का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया।