इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आज रंगपंचमी पर ऐतिहासिक गेर निकाली जाएगी। करीब तीन किलोमीटर लंबे गेर में मुख्यमंत्री मोहन यादव और कई NRIs शिरकत करेंगे। गेर देखने के लिए 370 छतों की ऑनलाइन बुकिंग हुई है।
होली के पांचवे दिन खेली जाती है गेर
राजावाड़ा क्षेत्र में आज सुबह 10:30 बजे से गेर निकाली जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि गेर देखने के लिए लाखों लोग जमा होंगे। राज्य ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बता दें कि होली के पांचवे दिन रंगपंचमी के अवसर पर इंदौर में गेर का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।
राजवाड़ा पहुंचेगी हुरियारों की टोलियों
राजवाड़ा क्षेत्र के टोरी कॉर्नर से सुबह 10:30 बजे गेर निकाली जाएगी। गेर को देखने के लिए हुरियारों की टोलियों राजवाड़ा पहुंचेंगी। राधा कृष्ण फाग यात्रा, संगम कार्नर गेर, टोरी कार्नर गेर, रसिया कार्नर और मारल क्लब की गेर निकलती है।रसिया कार्नर की गेर इस बार नहीं निकलेगी।
इंदौर में गेर की परंपरा होलकर राजवंश के समय से चली आ रही है। इस दिन होलकर राजवंश के लोग आम जनता के साथ होली खेलने निकलते थे। होलकरों ने समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर त्योहार मनाने के उद्देश्य से ये परंपरा शुरू की थी। गेर में टैंकरों से रंग और पानी की बौछार की जाती है। वहीं, तोपों से गुलाल उड़ाया जाता है।