आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के भगवती बाग में रविवार सुबह एक महिला ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि अंजली (30) पत्नी दिवंगत चन्द्रशेखर ने रविवार सुबह करीब 9 बजे कमरे की अंदर से कुंडी बंद कर फंदा लगा लिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया और शव को नीचे उतरवाया। मृतक अंजली की शादी करीब 11 वर्ष पहले हुई थी।
उसके पति का एक वर्ष पूर्व निधन हो गया था। वह अपने बच्चों के साथ अलग मकान में रहती थी, जबकि उसके सास-ससुर पास ही दूसरे मकान में निवास करते हैं। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

