मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मुरादाबाद से रामपुर पहुंचे। शाहबाद में आयोजित जनसभा में उन्होंने करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं मुख्य रूप से मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री के आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रामपुर की सांस्कृतिक, धार्मिक और औद्योगिक पहचान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब भी वह रामपुर आते हैं तो यहां का मौसम शिमला जैसा सुहाना हो जाता है। उन्होंने कहा कि रामपुर की यह धरती भगवान महाकालेश्वर महादेव, ओम नागेश्वर महादेव, कोसी मंदिर और मां बाला सुंदरी जैसे आस्था केंद्रों से समृद्ध है। यह जनपद भारत की सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को नई ऊंचाइयां देने वाली भूमि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ पैचवर्क, वायलिन निर्माण और मेंथा उत्पादन के लिए भी देशभर में पहचान रखता है। यहां के किसान और उद्यमी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए नए-नए नवाचार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब वह रामपुर आते हैं तो विकास की योजनाएं भी साथ लेकर आते हैं। इसी क्रम में आज करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं से मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

