मैदान में फुटबॉल खेलते समय 12 साल के बच्चे को आया हार्ट अटैक, हो गई मौत, परिवार में पसरा मातम

2 Min Read
मैदान में फुटबॉल खेलते समय 12 साल के बच्चे को आया हार्ट अटैक, हो गई मौत, परिवार में पसरा मातम

सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सुबह के समय मैदान में खेलते समय एक 12 साल के बच्चे को हार्ट अटैक आया और उसकी मौत हो गई। घटना सुकमा के छिंदगढ़ मैदान की है। बच्चा रोज की तरह सुबह मैदान में फुटबॉल खेलने आया था।

मैदान में गिरते ही बच्चे को तुरंत छिंदगढ़ अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। अस्पताल में डॉक्टरों के सारे प्रयास विफल हो गए। 

क्या है पूरा मामला?

छिंदगढ़ ब्लॉक मुख्यालय में रोज की तरह रविवार की सुबह भी 14 साल का मोहम्मद फैजल फुटबॉल खेलने मैदान गया था लेकिन वॉर्मअप की शुरुआत करते ही वह मैदान में गिर पड़ा। इसके बाद उसके साथी उसे छिंदगढ़ अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टर उसे नहीं बचा सके।

डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को हार्ट अटैक हो सकता है लेकिन मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।

कौन था फैजल?

मिली जानकारी के अनुसार, फैजल छिंदगढ़ स्थित आत्मानंद स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था। पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलों में भी बेहद सक्रिय था। हाल ही में आयोजित बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता में उसने मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। नियमित अभ्यास, फिटनेस पर ध्यान और अनुशासन, यही उसकी पहचान थी। रविवार को भी वह हमेशा की तरह समय पर मैदान पहुंचा था।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अचानक मिली इस सूचना ने परिवार के होश उड़ा दिए। जो बच्चा रोज मुस्कुराते हुए घर से मैदान जाता था, वही कुछ ही समय में अस्पताल से निर्जीव लौट आया। मैदान में साथ खेलने वाले बच्चों ने बताया कि फैजल पूरी तरह फिट दिख रहा था। वह रोज सबसे पहले आता था, दौड़ता था, एक्सरसाइज करता था।  कभी सांस फूलने या कमजोरी की कोई शिकायत नहीं की। अचानक हुई इस मौत ने सभी को हैरान और स्तब्ध कर दिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version