गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां बुधवार देर रात एक निजी लग्जरी बस और डामर (कोलतार) से लदे टैंकर के बीच हुई जोरदार टक्कर में चार यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। इस हादसे में 10 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
राजकोट की ओर जा रही थी बस पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एस. एस. भदौरिया के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 1:30 बजे चोटिला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांगानी गांव के पास हुई। निजी लग्जरी बस अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी। बस अपने आगे चल रहे डामर से भरे एक टैंकर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत भीषण आग लग गई।
बस में 40 लोग थे सवार
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि घटना के समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हालांकि, कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चार यात्री की जिंदा जलकर मौत
उपजिलाधिकारी एच. टी. मकवाना ने कहा, “निजी बस और डामर से भरे टैंकर के बीच हुई इस टक्कर में चार यात्री जिंदा जल गए।” पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में 10 लोग झुलस गए हैं। मकवाना ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए राजकोट के सिविल अस्पताल भेजा गया है, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला के एक अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

