महिला अपराध पर सख्त कार्रवाई के दावे के बाद भी कमिश्नरेट में महिलाओं के साथ अपराधों में कमी नहीं आ रही है। सरेराह छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं। सदर में एक युवती के साथ एक्टिवा सवार शोहदा भरे बाजार में छेड़खानी करके भाग निकला। पुलिस तीन दिन बाद उसे गिरफ्तार कर पाई। ऑफिस से लौट रही युवती से पेठा नगरी में सरेराह छेड़खानी की गई। दहशत में आई युवती ऑफिस नहीं जा रही है। यमुनापार इलाके में ही एक किशोरी से छेड़खानी की परिजन ने शिकायत की तो किरायेदार ने मारपीट कर दी।
ऑफिस से घर जा रही युवती से छेड़छाड़
ट्रांस यमुना क्षेत्र में पेठा नगरी के पास शुक्रवार की शाम करीब 4:30 बजे युवती को स्कूटर सवार शोहदे ने रोक लिया। छेड़खानी की। युवती ने विरोध किया तो बदसलूकी करने लगा। युवती दहशत में गई। भागने लगी। आरोपी ने पीछा किया। किसी तरह वह घर पहुंची। आरोपी ने घर तक उसका पीछा किया। दहशत में आई युवती शनिवार को ऑफिस भी नहीं गई। रविवार को युवती परिजन के साथ थाने पहुंची और तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है। टेढ़ी बगिया निवासी युवती शाहदरा स्थित एक प्राइवेट फर्म में काम करती है। रोज एक ही रास्ते से पैदल घर आती है।
सदर बाजार में महिला के कपड़े खींचने वाला शोहदा पकड़ा
सदर थाना क्षेत्र बीच सड़क पर महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने बरौली अहीर कृष्णा टाउन निवासी साहिल को गिरफ्तार किया। 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। सदर निवासी महिला से छेड़खानी की घटना 21 मई की दोपहर की है। वह बुटीक चलाती हैं। 21 मई को बुटीक की ओर जा रही थीं। तभी सौंपियत स्कूल के पास लाल रंग के स्कूटर पर सवार युवक ने उन्हें रोक लिया। अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध पर कपड़े खींचकर निर्वस्त्र करने की कोशिश की। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया था। सदर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान की। रविवार को जंगजीत नगर से आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया।
छत पर सो रही छात्रा से छेड़खानी, पीटा
ट्रांस यमुना इलाके में अपने घर की छत पर मां के साथ सो रही किशोरी से किराएदार के यहां आए रिश्तेदार ने छेड़खानी की। विरोध करने पर किराएदार के परिजन ने धमकाया और पीटा। छात्रा की मां ने बताया कि 19 मई की रात को बिजली गुल होने पर वह बेटी के साथ छत पर सोने पहुंची थीं। रात में किराएदार के घर आए रिश्तेदार ने बेटी से अशोभनीय हरकतें कीं तो वह चिल्लाई। जगार हो गई। आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकला। किरायेदार दंपती से शिकायत की तो वह झगड़ने लगे और बेटी की पिटाई कर दी। रविवार को मां बेटी को लेकर थाने पहुंची और केस दर्ज कराया।