अलीगढ़ नगर निगम की ओर से पहली बार अचल सरोवर पर 25 अक्तूबर को एक दीप स्वच्छता के नाम का भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजन किया। जिसमें 51,000 दीपों की रोशनी, रंग-बिरंगी रंगोली और जय श्री राम, वंदे मातरम, शिव तांडव, रामायण, कृष्ण लीला व जय हो के थीम पर आधारित लेजर शो ने सभी का मनमोह लिया।
दीपोत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल, जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह विशिष्ट अतिथि मंडलायुक्त संगीता सिंह, नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, महानगर अध्यक्ष भाजपा डॉ. राजीव शर्मा, ठाकुर श्योराज सिंह, उपसभापति दिनेश जादौन, पूर्व महापौर आशुतोष वार्ष्णेय, पूर्व महापौर शकुंतला भारती और मानव महाजन दीप प्रज्जवलित कर शुरूआत की।
एक साथ 51 हजार दीप जले तो पूरे अचल सरोवर की छटा अलौकिक हो उठी। दीपो की रोशनी से पूरा परिसर रोशन हो उठा। इस दौरान लेजर शो ने सभी का मन मोह लिया। देश भक्ति के साथ भक्ति थीम पर आधारित लेजर शो ने लोगों को खूब आकर्षित किया। हर कोई अचल सरोवर की इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद करने में जुटे रहे। महिला-पुरुष और युवा सेल्फी लेने में लगे रहे।
भक्ति थीम पर आयोजित लेजर शो ने सभी का मनमोह लिया। इसके बाद पटाखों और फुलझड़ियों ने चार चांद लगा दिया। शहरवासियों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना की और इसे धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। यह दीपोत्सव न केवल आध्यात्मिक उल्लास का अवसर बना, बल्कि स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता के प्रति एक नया संदेश भी दे गया।

