गुजरात के साबरकांठा जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हिम्मतनगर के पास जसवंतगढ़ पाटिया के पास मौत की चीखें गूंज उठीं। नेशनल हाईवे एक प्राइवेट बस और कार की जोरदार टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा शामलाजी से हिम्मतनगर की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे पर हुआ। तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने आगे चल रही कार को पीछे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और 6 यात्रियों की जान चली गई। मरने वालों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोग और पैदल चलने वाले लोग मदद के लिए दौड़े। एक्सीडेंट में घायल 6 लोगों को तुरंत 108 एम्बुलेंस से हिम्मतनगर सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया
घटना की खबर मिलते ही गंभोई पुलिस का काफिला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाकर एक्सीडेंट का केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग और लापरवाही को मुख्य कारण माना जा रहा है। एक्सीडेंट की वजह से हाईवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक रुका रहा। पुलिस ने एक्सीडेंट वाली गाड़ियों को हटाने और सड़क साफ करने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया। इस घटना के बाद पूरे जिले में अफरा-तफरी मच गई है।

