चन्दौली का ऐसा गांव जहां की महिलाओं ने कभी नहीं देखा शहर, यूपी पुलिस ने पूरी की इच्छा, वाराणसी का भ्रमण कराया

4 Min Read
चन्दौली का ऐसा गांव जहां की महिलाओं ने कभी नहीं देखा शहर, यूपी पुलिस ने पूरी की इच्छा, वाराणसी का भ्रमण कराया

दिनांक 15.06.2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र, वाराणसी द्वारा जनपद चन्दौली के थाना नौगढ़ अन्तर्गत चौकी औरवाटाड़ के ग्राम पण्डी का निरीक्षण किया गया था। ग्राम पण्डी थाना नौगढ़ के एक अत्यधिक सुदूर पहाड़ी क्षेत्र में बसा हुआ है, जिसमें मात्र 80 कच्चे मकान बने हुये हैं। इस गांव में ग्रामीणों से मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम के अन्तर्गत चलाये जाने वाली योजनाओं की जानकारी एवं सुदूर गांव होने के दृष्टिगत ग्रामवासियों द्वारा सुरक्षा एवं मूलभूत संसाधनों आदि के सम्बन्ध मे वार्ता की गयी थी।

कभी-कोई शहर नहीं देखा- महिलाएं

इस वार्ता के क्रम में गांव में एकत्रित 40-50 महिलाओं से पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र द्वारा पूछा गया कि क्या उनके द्वारा कभी कोई शहर देखा गया है तो उन महिलाओं द्वारा बताया गया कि हम लोगों ने कोई शहर नहीं देखा है। यह पूछे जाने पर कि क्या पास में ही वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर के दर्शन आप लोग करना चाहेंगी तो सभी के द्वारा इसकी इच्छा जतायी गयी। इस गोष्ठी के क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वाराणसी द्वारा मौके पर ही मौजूद पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल को निर्देशित किया गया कि मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम के अन्तर्गत इन महिलाओं को पुलिस की बस द्वारा ही गांव पण्डी से वाराणसी ले जा कर वाराणसी के प्रमुख मन्दिरों एवं शहर का भ्रमण कराया जाए।

पुलिस ने कराया वाराणसी भ्रमण

इसी क्रम में सोमवार दिनांक 29-06-2026 को चन्दौली पुलिस द्वारा 40 महिलायें (35 महिला जो कि 35 से 40 वर्ष की एवं 05 महिला 55 से 65 वर्ष के मध्य) तथा 10 पुरूष (सभी लगभग 32-45 वर्ष) को अपराह्न 01 बजे से रात्रि 08 बजे तक वाराणसी शहर में काशी विश्वनाथ मन्दिर के दर्शन, विषालाक्षी शक्तिपीठ मन्दिर के दर्शन, दुर्गा मन्दिर (दुर्गाकुण्ड) के दर्शन एवं संकटमोचन मन्दिर के दर्शन-पूजन कराये गये। इस कार्यक्रम के बीच में स्थानीय जालान्स वातानुकूलित रेस्टोरेन्ट में भोजन कराया गया। मन्दिरों के दर्शन के उपरान्त इन ग्रामीणों को शहरी जीवन का अनुभव कराने के लिए जेएचवी माल, कैन्टोमेन्ट क्षेत्र वाराणसी का भ्रमण भी कराया गया।

वाराणसी घूमकर क्या बोले लोग?

इस सम्पूर्ण गतिविधि का उद्देश्य सुदूर पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणवासियों के जीवन में साकारात्मक ऊर्जा भरने, सशक्तिकरण की भावना पैदा करने एवं उन्हें आधुनिक जीवन में उपलब्ध नये-नये अवसरों को प्रकट कराना था, ताकि यह लोग और अधिक ऊर्जा से प्रेरित होकर अपने जीवन में आगे बढ़ सके।

इस भ्रमण में सम्मिलित सरस्वती (उम्र लगभग 70 वर्ष, निवासी ग्राम पंडी) ने कहा  “हमने कभी पहले शहर नहीं देखा था। श्री काशी विश्वनाथ जी का दर्शन-पूजन करने के बाद बहुत अच्छा लग रहा है, यह सब बाबा की कृपा से हो सका। मन्दिर वालों ने भी हमारा बहुत सम्मान किया। शहर वाराणसी में हुए विकास को देखकर अच्छा लगा।” दुर्गावती (उम्र लगभग 46 वर्ष) ने कहा- “साहब, इससे पहले हमने कभी शहर नहीं देखा था। पहली बार शहर देखकर बहुत खुशी हुई।” इसी क्रम में पीयूष (उम्र लगभग 8 वर्ष) ने बताया- “जब मैं बनारस आने के लिए बस में बैठा तो उत्सुक था। यहां आकर मॉल की लिफ्ट में बैठा तो मुझे बहुत अच्छा लगा।”

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version