आगरा। कागारौल थाना क्षेत्र के अकोला में चोरों ने एक ही रात में पांच स्थानों को निशाना बनाकर पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए। चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान समेत तीन दुकानों के ताले और शटर तोड़े, जबकि सड़क किनारे रखे दो लकड़ी के खोखों से गुटखा, तंबाकू और सिगरेट चोरी कर ली। दुकानों से लैपटॉप, मोबाइल, डीजे बॉक्स, नेकबैंड और अन्य कीमती सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
चोरों ने सबसे पहले ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया। दुकान में पीछे की तरफ से सेंध लगाकर प्रवेश किया गया और सामान चोरी किया गया। ज्वेलर्स आजाद खान के मुताबिक, उनकी दुकान में इससे पहले 20 अगस्त को भी नकब लगाकर चोरी की जा चुकी है। लगातार दूसरी वारदात से व्यापारी की चिंता और बढ़ गई है।
इसके बाद चोरों ने आरके डिजिटल स्टूडियो एवं मोबाइल कम्युनिकेशन के ताले तोड़ दिए। यहां से लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी किया गया। इसके बाद टीएम मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर मोबाइल, डीजे बॉक्स, नेकबैंड और अन्य कीमती सामान समेट लिया गया।
दो खोखों से गुटखा, तंबाकू और सिगरेट भी चोरी
दुकानों को निशाना बनाने के बाद चोर करीब आधा किलोमीटर दूर मैरिज होम के सामने सड़क किनारे रखे दो लकड़ी के खोखों तक पहुंचे। दोनों खोखों के ताले तोड़कर चोर वहां रखा गुटखा, तंबाकू और सिगरेट भी ले गए।
चोरी का सामान लेकर भागने से पहले चोरों ने खेतों में जाकर सामान को खंगाला। बताया गया कि सामान के खाली बॉक्स खेतों में छोड़ दिए गए और इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
एक साथ पांच वारदातों से व्यापारियों में दहशत
एक ही रात में लगातार पांच स्थानों पर चोरी की जानकारी सामने आने के बाद अकोला के व्यापारियों में दहशत और रोष है। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में नियमित गश्त हो रही थी तो चोरों को एक के बाद एक दुकानों के ताले और शटर तोड़कर सामान समेटने का पर्याप्त समय कैसे मिला।
व्यापारियों ने क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने और पहले हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी कीमत और अन्य विवरण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
एक ही इलाके में लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और पूर्व की घटनाओं के आरोपियों तक जल्द पहुंचने की मांग की है।

