आगरा कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सुस्त कार्यशैली और विकास योजनाओं में पिछड़ने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ किया कि सरकारी योजनाओं में ढिलाई बरतने और बी व सी श्रेणी में प्रदर्शन करने वाले विभागों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में तुरंत सुधार लाकर जनपद की रैंकिंग बेहतर करें।
इन योजनाओं में मिली डी श्रेणी
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान एनआरएलएम बैंक क्रेडिट लिंकेज, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, व्यक्तिगत शौचालय और आईसीडीएस पोषण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लक्ष्य के मुकाबले अपेक्षित प्रगति न होने और इन योजनाओं के डी श्रेणी में रहने पर नाराजगी जताई। इसके अलावा फैमिली आईडी और जननी सुरक्षा योजना में पात्र लाभार्थियों के भुगतान की धीमी रफ्तार और सी श्रेणी में प्रदर्शन को लेकर भी जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं का डाटा पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपडेट करें, ताकि लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ बिना देरी पहुंच सके।
बारिश से बेघर हुए परिवारों को प्राथमिकता के निर्देश
बैठक में हाल की भारी बारिश के कारण बेघर हुए लोगों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन पात्र परिवारों के मकान बारिश से क्षतिग्रस्त या ढह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत आवासीय योजनाओं का लाभ दिया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, फैमिली आईडी और किसानों की फार्मर आईडी से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश
डीएम ने बेसिक शिक्षा विभाग को शेष प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित करने के आदेश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना और पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा योजना में लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए।
गोवंश आश्रय स्थलों और सोलर योजना पर भी जोर
जिलाधिकारी ने जिले के 57 गोवंश आश्रय स्थलों में सीसीटीवी निगरानी, पशुओं के भरण-पोषण और हरे चारे की उपलब्धता की स्वयं मॉनिटरिंग करने की बात कही। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक आवेदन स्वीकृत कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील की।
कलेक्ट्रेट की इस उच्चस्तरीय बैठक में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी खगेंद्र सिंह, उपनिदेशक कृषि मुकेश कुमार, डीसी एनआरएलएम प्रेमचंद, पीडी डीआरडीए रेनू कुमारी, डीपीआरओ मनीष कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

