Agra: दिवाली पर पटाखे और शार्ट सर्किट से भड़की आग, दो शोरूम सहित 24 जगह अग्निकांड; रातभर दौड़ती रही दमकलें

7 Min Read
Agra: दिवाली पर पटाखे और शार्ट सर्किट से भड़की आग, दो शोरूम सहित 24 जगह अग्निकांड; रातभर दौड़ती रही दमकलें

दिवाली पर अग्निकांड की घटनाओं ने अग्निशमन विभाग की मुश्किल बढ़ा दी। सोमवार शाम से शुरू हुआ आग लगने का सिलसिला मंगलवार दोपहर बाद ही थम सका। न्यू आगरा और राजपुर चुंगी में हार्डवेयर के दो शोरूम जल गए। इनमें 50 लाख से अधिक का सामान जल गया। एक शोरूम में 10 दिन पहले पुलिस ने अवैध आतिशबाजी का भंडारण भी पकड़ा था। इसमें केस भी दर्ज किया था। इसी तरह शहर से लेकर देहात तक गत्ता कारखाना, कूड़े के ढेर, करब आदि में आग लगने पर दमकलें दाैड़ती रहीं।

विद्या नगर, न्यू आगरा निवासी पूनम चाैरसिया के घर के भूतल पर हार्डवेयर का शोरूम है। पहली मंजिल पर परिवार रहता है। उनके घर में 10 दिन पहले पुलिस ने 1200 किलोग्राम आतिशबाजी का भंडारण पकड़ा था। उनके पास लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने कार्रवाई की थी। वह दिवाली पर बच्चों के साथ बहन के घर चली गई थीं। मंगलवार सुबह तकरीबन 8 बजे आग लगी। लोगों ने धुआं निकलते हुए देखा। इस पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने देखते ही घर को पहचान लिया। सूचना पर दमकल पहुंची। आग घनी आबादी वाले इलाके में लगी थी। इस पर दमकलकर्मियों ने दो तरफ से आग बुझाई। दुकान के पिछले हिस्से में बने घर से दीवार को तोड़ा। 4 घंटे बाद आग पर काबू किया जा सका। एफएसओ ने बताया कि दुकान में हार्डवेयर के सामान के अलावा पेंट और सिलिंडर भी रखे थे। लोगों ने कई धमाकों की आवाज भी सुनी। आशंका है कि पेंट के डिब्बे फट रहे थे। इससे आवाज आ रही थी। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट हो सकता है।

राजपुर चुंगी पर भी जला शोरूम

मूलरूप से पिनाहट के करकाैली निवासी ऋषि पाराशर का साै फुटा रोड, राजपुर चुंगी में हार्डवेयर, इलेक्ट्राॅनिक और पेंट का शोरूम है। बेसमेंट में गोदाम बनाया था। भूतल पर शोरूम है। पहली मंजिल पर परिवार रहता है। रात तकरीबन 12 बजे बेसमेंट से लोगों ने धुआं निकलता देखा। इस पर परिजन को सूचना दी। परिवार सीढि़यों से नीचे नहीं उतर पा रहा था। इस पर पड़ोसी के घर की छत पर भेजा गया। वहां भी ताला लगा था। इस पर ताला तोड़ा गया। इसके बाद लोग सुरक्षित नीचे आए। आग ने शोरूम को भी चपेट में ले लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण शार्ट सर्किट हो सकता है। रात में तकरीबन 8 दमकलों की मदद से आग पर काबू किया जा सका। दमकलकर्मियों ने फोम का इस्तेमाल किया। शोरूम और गोदाम में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्राॅनिक सामान, पेंट, ज्वलनशील केमिकल आदि रखा था। इस कारण आग बुझाने में काफी समय लगा। दुकान मालिक ने करोड़ों के नुकसान की बात कही है। इसमें 20 लाख रुपये कैश भी जलना बताया गया है।

दयालबाग मार्ग पर कार गैराज में लगी आग

दयालबाग में साै फुटा रोड पर पवन कुमार का कार गैराज है। उन्होंने बताया कि वह मंगलवार शाम 7 बजे गैराज बंद करके घर गए थे। तभी सूचना मिली कि आग लग गई है। इस पर वो पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। तकरीबन आधा घंटे तक दमकल के लिए काल करते रहे। मगर कोई नहीं पहुंचा। बाद में खुद ही आग बुझाने के प्रयास किए। आग से एक कार पूरी तरह से जल गई। वहीं दूसरी भी आधी जल गई। दोनों धुलाई के लिए आई थीं।

ये भी हुईं घटनाएं

20 अक्तूबर – शाम 7:10 बजे सिकंदरा स्थित एक मकान में आग लगी।

शाम 7:34 बजे बरहन में आंवलखेड़ा में परचून की दुकान में आग लगी।

रात 8:24 बजे : जीवन ज्योति अस्पताल के पास ग्रीन गैस की लाइन से रिसाव पर आग लगी। ग्रीन गैस की टीम ने पहुंचकर काबू पाया।

रात 8:51 बजे : कोठी मीना बाजार मैदान में कूड़े के ढेर में आग लगी।

रात 9:05 बजे – अभिषेक कुमार ने आवास विकास काॅलोनी में पीएनजी लाइन से गैस रिसाव की सूचना दी। इस पर कंपनी की टीम पहुंची। आग को बुझा दिया। लीकेज सही कर दिया।

रात 9:22 बजे – केके नगर में ग्रीन गैस की लाइन से रिसाव पर आग लगी। ग्रीन गैस की टीम ने पहुंचकर काबू पाया।

रात 9:30 बजे – सप्तऋषि अपार्टमेंट के सामने सेक्टर-16 बी में झाड़ियों में आग लगी।

रात 09:28 बज – कागाराैल क्षेत्र में भूसे की करब में आग लग गई।

रात 9:46 बजे – सुलहकुल नगर में गत्ते के डिब्बे बनाने की फैक्टरी में आग लग गई। बताया गया है कि बच्चे पटाखे चला रहे थे। चिंगारी फैक्टरी में पहुंच गई। दमकल ने पहुंचकर काबू किया।

रात 9:52 बजे : घर की छत पर रखे कबाड़ में पटाखों से आग लग गई। दो दमकलों ने पहुंचकर आग पर काबू किया।

रात 10:16 बजे : सदर क्षेत्र में ग्रीन गैस की लाइन में आग की सूचना मिली। उसे बुझाया गया।

रात 10:25 बजे – जगनेर में सिलिंडर में आग लग गई। मगर लोगों ने आग को बुझा लिया। इस पर दमकल को रास्ते से ही वापस किया गया।

रात 10:35 बजे – मलपुरा में कपड़े की दुकान में आग लग गई।

रात 10:38 बजे – बाह में बाजरे के करब में आग लग गई।

रात 10:40 बजे – पश्चिमपुरी स्थित विमल विहार में कूड़े के ढेर में आग लगी।

रात 10:54 बजे – मिढ़ाकुर में 3 खोखो में आग लग गई।

रात 12:31 बजे – रकाबगंज क्षेत्र में कूड़े में आग लग गई।

रात 1 बजे – थाना एमएम गेट क्षेत्र में कूड़े के ढेर में आग लगी।

रात 2:20 बजे – हींग की मंडी स्थित कूरियर कंपनी के कागज के गोदाम में आग लग गई। दमकल ने आग बुझाई।

रात 2:28 बजे : मिढ़ाकुर में जूते-चप्पल की दुकान में आग लगी।

रात 3:41 बजे- मंटोला क्षेत्र में सड़क पर रखी जूते की कतरन में आग लग गई।

21 अक्तूबर की सुबह 4:53 बजे : दयालबाग में पोइया घाट के पीछे रोड पर खड़ी कार में आग लगी।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version