Agra Naga Nigam: नालों की सफाई में लापरवाही पर सख्ती, नगर आयुक्त ने दो सफाईकर्मी किए बर्खास्त

3 Min Read
Agra Naga Nigam: नालों की सफाई में लापरवाही पर सख्ती, नगर आयुक्त ने दो सफाईकर्मी किए बर्खास्त

आगरा में बारिश से पहले नालों की सफाई न होने के मामले में नगर निगम सदन में हुए हंगामे, प्रदर्शन के बाद नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य सच देखने के लिए शहर में निकले तो नालों की कागजी सफाई की पोल खुल गई। मंगलवार को मधुनगर, सेवला मार्ग और वार्ड-35 स्थित डेरा सरस के नाला कंसखार गेट क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान उन्हें गंदगी और नालों में कचरा मिला। उन्होंने दो आउटसोर्स सफाईकर्मियों को सेवा से हटा दिया। एक सफाईकर्मी का तबादला करने के साथ ही क्षेत्रीय एसएफआई को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया।

नगर आयुक्त को मधुनगर रोड पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल मिली। सड़क पर जगह-जगह कूड़ा फैला मिला और नालियां चोक मिलीं। क्षेत्र में सफाई मित्र मौजूद नहीं था और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जलाया जा रहा था। नाला कंसखार में नाले के किनारे भारी मात्रा में सिल्ट जमा मिली। नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नाला सफाई के लिए साप्ताहिक रोस्टर तैयार कर क्षेत्रीय पार्षदों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

एसएफआई ने बताया कि रात में फैक्टरी संचालक नाले में कतरन डालते हैं। इससे नाला अवरुद्ध हो जाता है। नगर आयुक्त ने रात के समय नाले से उचित दूरी पर कतरन एकत्रित करने वाले वाहन की नियमित तैनाती करने के निर्देश दिए। क्षेत्र के लोगों से बात की तो उन्होंने एसएफआई के दावों की पोल खोल दी। लोगों ने शिकायत की कि यहां नियमित सफाई नहीं होती और सफाई मित्र नाले के आसपास के क्षेत्रों की अनदेखी करते हैं। शिकायतों पर नगर आयुक्त ने एसएफआई एमपी सिंह को मुख्यालय से संबद्ध करने, आउटसोर्स सफाई मित्र सतीश को सेवा से हटाने तथा सफाईकर्मी रोहित का स्थानांतरण करने के निर्देश जारी किए। यहां अवैध बाड़ा भी पाया गया। इस पर प्रभारी अतिक्रमण को तत्काल कार्रवाई करते हुए इसे हटाने के लिए कहा।

चेन मशीन का चालक बर्खास्त
एसएन मेडिकल कॉलेज क्षेत्र से गुजरने वाले नाले के निरीक्षण पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा ने बताया कि चेन मशीन से नाला साफ हो रहा है। यहां चालक उदयवीर सिंह उपस्थित नहीं मिला। इस पर उसे बर्खास्त कर दिया गया। सिटी स्टेशन रोड नाले के निरीक्षण में क्षेत्रीय पार्षद ने नगर आयुक्त को बताया कि नाले की तली झाड़ सफाई के बजाय एक तरफ की सिल्ट निकाली जा रही है। इस पर नगर आयुक्त ने तलीझाड़ सफाई के निर्देश दिए। भैंरों नाला क्षेत्र के दुकानदारों ने बताया कि प्राचीन पुलिया के नीचे मिर्च के कट्टे आदि डाल दिए जाने से पुलिया चोक है। नगर आयुक्त ने तत्काल समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम आदि मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version