डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के सामने मेडल सूची तैयार करना चुनौती बना हुआ है। स्नातक और परास्नातक का आधा-अधूरा परीक्षाफल होने के कारण सूची तैयार नहीं हो पा रही है। तीन अगस्त को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। परीक्षाफल घोषित करने के लिए विवि के समय अधिक समय नहीं है। परीक्षाफल समय पर घोषित करने के लिए परीक्षाएं ओएमआर शीट पर कराई गई।
स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी, बीकॉम द्वितीय, एमकॉम चतुर्थ व षष्ठम सेमेस्टर तथा परास्नातक के एमकॉम, एमए, एमएससी द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 23 मई तक कराई गई थी। ओएमआर शीट होने की वजह से परीक्षाफल जल्द घोषित होने की उम्मीद थी। विवि प्रशासन की तरफ से स्नातक व परास्नातक अंतिम सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित कर दिया लेकिन वह भी आधा-अधूरा है। कई महाविद्यालयों ने प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक अपलोड नहीं किए।
उन महाविद्यालयों के छात्रों का परीक्षाफल रोक दिया गया। अब इन छात्रों में से भी कोई मेडल प्राप्त कर सकता है क्योंकि अंतिम सेमेस्टर के हिसाब से मेडल सूची तैयार की जाती है। विवि की तरफ से मेडल सूची तैयार करने के लिए अलग से कमेटी का गठन किया गया है। परीक्षाफल पूरे न होने की वजह से कमेटी के सामने दिक्कत खड़ी हो रही है। परीक्षा नियंत्रक डॉ.ओम प्रकाश ने बताया कि महाविद्यालयों को प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक अपलोड करने के लिए चेतावनी दी गई है। अब और सख्ती के साथ काम किया जाएगा, जिससे परीक्षाफल जल्द घोषित किए जा सके।

