Aligarh: चेंजिंग रूम में आकर मीट फैक्टरी ठेकेदार करते हैं ‘बैड टच’, छेड़छाड़-मारपीट के आरोपों को लेकर हंगामा

3 Min Read
Aligarh: चेंजिंग रूम में आकर मीट फैक्टरी ठेकेदार करते हैं ‘बैड टच’, छेड़छाड़-मारपीट के आरोपों को लेकर हंगामा

अलीगढ़ में थाना बन्ना देवी क्षेत्र के ऊदला स्थित एक मीट फैक्टरी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां काम करने वाली दर्जनों महिला कर्मचारियों ने फैक्टरी के ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि चेंजिंग रूम में कपड़े बदलने के दौरान उनके साथ छेड़छाड़ और बैड टच (अश्लील हरकतें) किया जाता है। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। 11 जून की देर रात एकत्रित होकर पीड़ित महिलाएं बन्ना देवी थाने पहुंचीं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जमकर हंगामा किया।

चेंजिंग रूम में ‘बैड टच’ और छेड़छाड़ का आरोप

फैक्टरी में पैकिंग का काम करने वाली दर्जन भर से अधिक महिलाओं ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि फैक्टरी के ठेकेदार पिछले काफी समय से उनके साथ बदसलूकी कर रहे हैं। महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वे चेंजिंग रूम में कपड़े बदलती हैं, तो ठेकेदार अंदर घुस आते हैं और उनके शरीर के अंगों को छूने (बैड टच) का प्रयास करते हैं। यह प्रताड़ना अब उनके लिए असहनीय हो चुकी है।

विरोध करने पर की गई मारपीट

महिलाओं के मुताबिक, जब उन्होंने ठेकेदारों की इस करतूत का विरोध किया और अपनी आवाज उठानी चाही, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। ठेकेदारों की दबंगई और रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और वे एकजुट होकर सीधे थाने पहुंच गईं।

पुलिस कार्रवाई का आश्वासन

देर रात महिलाओं द्वारा थाने के घेराव और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। बन्ना देवी थाना पुलिस ने पीड़ित महिलाओं को शांत कराया और उनकी लिखित शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया। सीओ द्वितीय धनंजय सिंह का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है, महिलाओं की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर फैक्टरी मालिक का कहना है कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version