चेन्नईः बीजेपी से इस्तीफे देने वाले के. अन्नामलाई ने शुक्रवार को नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। अन्नामलाई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपने भविष्य के प्लान के बारे में बताया। अन्नामलई ने कहा कि मैंने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। आज से एक नए सफर की शुरुआत होगी। एक नए पॉलिटिकल मूवमेंट की शुरुआत करूंगा। आप सबको मेरा साथ देना है।
उन्होंने कहा कि मैं साफ सुथरी पॉलिटिक्स की शुरुआत करना चाहता हूं। जब दल बन जाएगा तो टर्म लिमिट लेकर आएंगे ताकि परिवार वाद वाली राजनीति पर अंकुश लगाया जा सके।
बीजेपी ने शुक्रवार को मंजूर किया इस्तीफा
बता दें कि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार को अन्नामलाई का इस्तीफा मंजूर कर लिया। इसके साथ ही अन्नामलाई और बीजेपी की राहें छह साल बाद जुदा हो गई। अभी हाल में ही पूर्व IPS अधिकारी अन्नामलाई ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाक़ात की थी। बीजेपी ने अन्नामलाई से अपने फैसले पर फिर से विचार करने को कहा था।
2020 में बीजेपी में हुए थे शामिल
अन्नामलाई IPS अधिकारी की नौकरी छोड़ने के बाद 2020 में बीजेपी में शामिल हुए थे। अपने समर्थकों के बीच ‘सिंघम’ के नाम से मशहूर अन्नामलाई को 2021 में बीजेपी की तमिलनाडु यूनिट का प्रमुख बनाया गया था। उन्होंने एल. मुरुगन की जगह ली थी, जिन्हें केंद्रीय मंत्री बनाया गया था।

