बरेली बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव की मतगणना मंगलवार को कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच कराई गई। गहमा-गहमी के बीच पूर्वाह्न 11 बजे मतपेटियां खुलने के साथ ही बार सभागार अखाड़े में तब्दील नजर आया। दोपहर दो बजे के बाद परिणाम आने शुरू हुए। इस दौरान कई बार दोबारा मतगणना को लेकर हंगामे की स्थिति भी बनी। हाथापाई और मारपीट भी हुई। रात 11 बजे के बाद अध्यक्ष पद के नतीजे आए, लेकिन विवाद के कारण सचिव पद पर मतगणना रोक दी गई। अब मतगणना कल कराई जाएगी। अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार मनोज कुमार हरित निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी ज्वाला प्रसाद गंगवार को 123 मतों से शिकस्त दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव जयपति ने बताया कि सचिव पद पर दीपक पांडेय और गौरव सिंह राठौर के बीच मुकाबला है। दोनों प्रत्याशी मतगणना से संतुष्ट नहीं थे। इसके बाद बुधवार को दोबारा से मतगणना कराने का निर्णय लिया गया है। उपाध्यक्ष पद पर दो और संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर तीन और सचिव पद के लिए दो बार रीकाउंटिंग कराई गई। दोपहर दो बजे पहला नतीजा आया। उपाध्यक्ष पद पर हुलासी राम गंगवार ने 565 वोट पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अमित कुमार सिंह को 50 मतों से हराकर जीत अपने नाम की।
रजत मोहन बने कनिष्ठ उपाध्यक्ष
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रजत मोहन को कुल 1029 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद नसीम सैफी को रिकार्ड 544 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। संयुक्त सचिव (प्रकाशन) पद पर शांतनु मिश्रा ने 462 मतों से जीत दर्ज की। उनको 881 वोट मिले जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी रीना सिंह 419 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। संयुक्त सचिव (प्रशासन) रोहित कुमार चुने गए। उनको 568 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी मोहम्मद आमिर को 334 वोट ही मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर इस बार धर्मवीर सिंह ने जीत दर्ज की है। उनको 717 वोट मिले। ललित कुमार सिंह 450 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर सौरभ अग्निहोत्री ने 19 वोट के अंतर से प्रेरणा को शिकस्त देकर जीत अपने नाम कर ली। प्रेरणा को 709 वोट मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर जयपाल सिंह ने 21 मतों से जीत दर्ज की है। 707 वोट हासिल कर अनुपम अग्रवाल दूसरे नंबर पर रहे। प्रबंध कार्यकारिणी वरिष्ठ के पद पर दीप्ती सक्सेना ने जीत दर्ज की है। दीप्ती को 938 वोट मिले। 759 वोट पाकर अजय कुमार मौर्य दूसरे स्थान पर रहे।

