बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के गांव बभिया में ग्रामीण बैंक के पास तेज रफ्तार थार गाड़ी ने टेंपो को टक्कर मार दी। इससे टेंपो चालक व टेंपो में बैठे मरीज घायल हो गए। इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई। पुलिस ने थार गाड़ी चला रहे आरोपी डॉक्टर का मेडिकल परीक्षण कराया, वह काफी नशे में पाया गया।
कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि फरीदपुर के गांव लौंगपुर निवासी डॉ. तौफीक अंसारी शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार से थार कार लेकर जा रहा था। उसकी थार से ऑटो को टक्कर लग गई। इससे ऑटो चालक चनेहटी निवासी अमन कुमार व ऑटो में बैठी सवारी ओमकार कश्यप (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। कैंट पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान ओमकार की मौत हो गई।
ओमकार किसान थे और गांव इचोरी से दवाई लेकर अपने गांव मिर्जापुर जा रहे थे। उनके परिवार में पांच बच्चे हैं। बभिया निवासी टिंकू की सूचना पर पुलिस ने डॉ. तौफीक को हिरासत में ले लिया। वह नशे में था। पुलिस ने ऑटो और थार को कब्जे में ले लिया है। परिवार ने पोस्टमॉर्टम के बाद तहरीर देने की बात कही है।

