बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीख पास आ रही है। सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम की भी घोषणा कर दी है। आपको बता दें कि इस बार बिहार चुनाव में मुख्य मुकाबला NDA और के महागठबंधन के बीच है। इसके अलावा प्रशांत किशोर की जनसुराज भी सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। NDA में टिकट बंटवारे के बाद शांति देखने को मिल रही है। लेकिन महागठबंधन में लगातार हंगामे की खबरे सामने आ रही हैं। अब बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु को टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी नेताओं की नाराजगी झेलनी पड़ी है। कांग्रेस के एक नेता ने अल्लावरु को टिकट चोर कह दिया है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
क्या है पूरा मामला?
सामने आई जानकारी के मुताबिक, बिहार की राजधानी पटना में कृष्णा अल्लावरु के होटल से बाहर निकलते ही पार्टी के एक नेता ने अल्लावरु को टिकट चोर कह कर संबोधित किया। जिस नेता ने कृष्णा अल्लावरु को टिकट चोर कहा उनकी पहचान आदित्य पासवान के रूप में हुई है। जब नेता ने कृष्णा अल्लावरु को टिकट चोर कहा तो वो उसकी बात सुनते रहे। जानकारी के मुताबिक, आदित्य पासवान प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के अध्यक्ष हैं।
बिहार कांग्रेस में आंतरिक कलह जोरों पर
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस पार्टी में आंतरिक विवाद खत्म नहीं हो रहा है। राज्य के कई नेताओं ने खुले मंच से पार्टी नेतृत्व पर पक्षपात और मनमानी के आरोप लगाए हैं। बीते शनिवार को कई नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम पर गंभीर आरोप लगाए थे। इन नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की “बिहार कांग्रेस अब कुछ नेताओं के निजी दलालों के हाथों में बंधक बन गई है।” इन नेताओं ने सीधे तौर पर राहुल गांधी की आलोचना नहीं की, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल उठाया कि “राहुल गांधी के भरोसे का दुरुपयोग हुआ है।”
कब है बिहार में चुनाव?
आपको बता दें कि बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में चुनाव होंगे, पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। चुनाव का परिणाम 14 नवंबर को सामने आएगा। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से केवल 19 पर जीत मिली थी। इस बार पार्टी 61 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

