बिहार में BJP को लगा तगड़ा झटका, सांसद अजय निषाद ने छोड़ी पार्टी; कहा- छल से हूं आहत

2 Min Read

पटना। लोकसभा चुनाव 2024 से पूर्व भारतीय जनता पार्टी को बिहार में बड़ा झटका लगा है। मुजफ्फरपुर से भाजपा सांसद अजय निषाद ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी दी है।

उन्होंने लिखा कि भाजपा के छल से आहत होकर पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। बता दें कि अजय निषाद इस वक्त मुजफ्फरपुर से सांसद हैं। भाजपा ने इस बार वहां से दूसरे प्रत्याशी को टिकट दे दिया है। टिकट नहीं मिलने की वजह से नाराज चल रहे थे।

कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं अजय निषाद

अब अनुमान है कि भाजपा से बेटिकट हो चुके मुजफ्फरपुर के सांसद अजय निषाद मंगलवार को कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। दिल्ली में वे पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। चर्चा है कि वे मुजफ्फरपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे।

अजय अगर कांग्रेस में आते हैं तो इस चुनाव में पाला बदल का यह बड़ा उदाहरण होगा। भाजपा से बेटिकट हुए सासाराम के सांसद छेदी पासवान भी कांग्रेस के संपर्क में बताए जा रहे हैं।

कांग्रेस के खाते में मुजफ्फरपुर सीट

मुजफ्फरपुर सीट महागठबंधन में कांग्रेस के खाते में गई है। इस बीच पप्पू की आवक से क्षुब्ध होकर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. अनिल शर्मा पार्टी छोड़ चुके हैं। कुछ और नेताओं के साथ छोड़ जाने के बीच अजय की आवक कांग्रेस के लिए सुकून-भरी हो सकती है।

अजय मुजफ्फरपुर से लगातार दो बार भाजपा के टिकट पर विजयी रहे हैं। पिछली बार महागठबंधन में विकासशील इंसान पार्टी के राज भूषण चौधरी को उन्होंने रिकॉर्ड 409988 मतों से शिकस्त दी थी।

 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version