Budaun Latest News: बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी में शादी से चंद घंटे पहले दुल्हन की मौत हो गई। सोमवार को मुरादाबाद से बरात आनी थी, लेकिन रविवार की रात अचानक दुल्हन की तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई गई है। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। लड़का पक्ष को सूचना मिली तो वहां भी मातम छा गया।
नूरपुर पिनौनी निवासी दिनेश पाल सिंह की 20 वर्षीय बेटी दीक्षा की शादी मुरादाबाद में तय हुई थी। सोमवार को उसकी बरात गांव में ही आनी थी। इसको लेकर तैयारियां चल रही थीं। रविवार को मेहंदी की रस्म थी। परिवार के सभी सदस्यों ने दुल्हन के साथ डांस किया। परिजनों ने बताया कि रात को करीब डेढ़ बजे दीक्षा के पेट में दर्द उठा और वह टॉयलेट गई। वहीं उसकी हालत ज्यादा खराब हो गई।
घरवालों ने बताया कि टॉयलेट में ही उसकी बहुत तेजी से सांसें चल रही थीं। लड़की की मां सरोज ने उसे संभाला, तब तक उसकी गर्दन अकड़ गई। आनन फानन गांव के ही चिकित्सक को बुलाया, लेकिन दीक्षा की सांस थम गईं। दुल्हन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।