बर्नपुर के 60 साल पुराने ऐतिहासिक सिनेमा हॉल पर चला बुलडोजर, SAIL-ISP का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी

3 Min Read
बर्नपुर के 60 साल पुराने ऐतिहासिक सिनेमा हॉल पर चला बुलडोजर, SAIL-ISP का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी

बर्नपुर, 5 जुलाई: बर्दवान जिले के बर्नपुर में SAIL-ISP (इस्को स्टील प्लांट) द्वारा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार को बर्नपुर के लगभग 60 साल पुराने ऐतिहासिक बर्नपुर सिनेमा हॉल को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। सिनेमा हॉल को टूटता देखकर स्थानीय लोगों में भारी मायूसी देखने को मिली क्योंकि उनकी इस हॉल से कई पुरानी यादें जुड़ी थीं। स्थानीय लोगों का ऐसा मानना था कि इस ऐतिहासिक धरोहर को तोड़ने के बजाय इसे जनहित के काम में इस्तेमाल किया जा सकता था। बता दें लंबे समय से बंद पड़े इस सिनेमा हॉल ने कभी इलाके के प्रमुख मनोरंजन केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। इसी कारण से लोगों की इस हॉल से गहरी यादें जुड़ी थीं।

इस इमारत के ढहते ही स्थानीय लोगों खासकर बुजुर्गों की पुरानी यादें ताजा हो गईं। स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि इस सिनेमा हॉल में उन्होंने परिवार और दोस्तों के साथ कई लोकप्रिय फिल्मों का आनंद लिया था। इमारत के ध्वस्त होने से लोगों में निराशा और भावनात्मक पीड़ा देखी गई। 

बताया जा रहा है कि राज्य में राजनीतिक परिवर्तन के बाद से SAIL-ISP अपनी जमीन पर बने कथित अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान चला रहा है। इसके तहत विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालय, क्लब और अन्य निर्माणों को लगातार तोड़ा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह सिनेमा हॉल भी सेल आईएसपी की जमीन पर बना हुआ था, जिसके चलते प्रशासन ने इसे भी ध्वस्त करने का फैसला लिया।

हालांकि, स्थानीय लोगों के एक वर्ग का कहना है कि इतने पुराने और ऐतिहासिक सिनेमा हॉल को तोड़ने के बजाय उसका संरक्षण कर उसे सामुदायिक भवन या किसी जनहित के कार्य के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था। उनका मानना है कि यह इमारत केवल एक सिनेमा हॉल नहीं, बल्कि बर्नपुर और आसपास के लोगों की भावनाओं और विरासत का हिस्सा थी। इस पूरे मामले पर SAIL-ISP (इस्को स्टील प्लांट) की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version