अलीगढ़ के कस्बा चंडौस में सड़क हादसे में हुई बालक की मौत के बाद बवाल मामले में पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए 11 नामजद सहित 100 से अधिक अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शनिवार को पुलिस ने गांव एलमपुरा में दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। भारी संख्या में फोर्स के पहुंचने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
दो जुलाई को गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 11 वर्षीय मासूम वंश सिसोदिया की मौत हो गई थी। इसके बाद वहां उपद्रवियों की भीड़ ने ट्रैक्टर फूंक दिया था। उपद्रवी तत्वों ने ईंट, पत्थर, सरिया और हथियारों से ट्रैक्टर में तोड़फोड़ की थी। पुलिस की गाड़ी को पलटाने का प्रयास किया। आग बुझाने आई फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और रास्ता साफ करने आई क्रेन के काम में भी रोड़े अटकाए।
पुलिस ने इस मामले में उप-निरीक्षक अजय सिंह की तहरीर पर थाने में एफआईआर दर्ज की है। रिपोर्ट में पुलिस पर जानलेवा हमला, आगजनी, सरकारी कार्य में बाधा, लोक शांति भंग और उपद्रव की धाराएं शामिल की गई हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय इनपुट और मुखबिर की मदद से घटना में शामिल मुख्य आरोपियों की शिनाख्त की है।
मामले की विस्तृत विवेचना उप-निरीक्षक आदित्य श्रीवास्तव को सौंपी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य अज्ञात उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। लोक शांति भंग करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कस्बे में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। – आदित्य बंसल, एसपी सिटी

