Chitrakoot: पेड़ से लटका मिला लाइनमैन का शव, परिजनों ने एसआई पर लगाया धमकी देने का आरोप

2 Min Read
Chitrakoot: पेड़ से लटका मिला लाइनमैन का शव, परिजनों ने एसआई पर लगाया धमकी देने का आरोप

राजापुर थाना क्षेत्र के भटरी के नंदू पुरवा में शनिवार को बिजली लाइनमैन ने गांव के बाहर पेड़ में गमछा से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, वहीं परिजनों ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। साथ ही एक दारोगा पर जेल भेजने की धमकी का ऑडियो वायरल है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करती है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।

नंदू पुरवा निवासी राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि उसका बेटा शिवशंकर शुक्ला (26) सरधुआ बिजली उपकेंद्र में संविदा पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे ड्यूटी से घर लौटा और कुछ देर बाद नित्य क्रिया जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक नहीं लौटा तो गांव और आसपास में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

शनिवार को राहगीरों ने सूचना दी कि पेड़ पर एक युवक का शव लटक रहा है। मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव उसके बेटे का था। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय, क्षेत्राधिकारी मऊ फहद अली, थाना प्रभारी राजापुर नरेश कुमार प्रजापति, पहाड़ी निशिकांत राय मौके पर पहुंचे। पुलिस शव को पेड़ से नीचे उतारने की तैयारी में थी कि परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर रोक दिया। काफी समझाने के बाद परिजन राजी हुए। अपर पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version