अलीगढ़ शहर में करीब 20 घंटे तक हुई बारिश के बावजूद इस बार जलभराव की समस्या अपेक्षाकृत कम समय तक रही। नगर निगम का दावा है कि अधिकांश प्रभावित इलाकों से दो से तीन घंटे के भीतर पानी की निकासी करा दी गई। निगम ने इसका श्रेय सीएम ग्रिड परियोजना के तहत विकसित जलनिकासी व्यवस्था, नालों की पूर्व सफाई और पंपिंग स्टेशनों के बेहतर संचालन को दिया है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बुधवार को सुबह से देर रात तक शहर के विभिन्न जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान खैर रोड, रामघाट रोड, मैरिस रोड, गूलर रोड, किशनपुर, सुदामापुरी, छर्रा अड्डा, सेंटर प्वाइंट, जमालपुर, केला नगर और शाहजमाल समेत कई इलाकों का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने दावा किया कि जिन क्षेत्रों में पहले बारिश के बाद आठ से दस घंटे तक पानी भरा रहता था, वहां इस बार दो से तीन घंटे के भीतर जलनिकासी हो गई। इससे लोगों को आवागमन में राहत मिली। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए नगर निगम की सभी टीमें अलर्ट पर हैं।
नगर निगम मैरिस रोड को वीआईपी बनाने का दावा कर रहा था, जबकि मानसून की दूसरी ही बारिश में यह इलाका पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। प्रदेश के राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास के सामने भी जलभराव हो गया। इस बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी है।- इंजीनियर आगा युनुस, कांग्रेस नेता
स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी शाहजमाल समेत शहर में बारिश के बाद हालत जस के तस बने हुए हैं। बेहद नारकीय जीवन जीने को विवश होना पड़ रहा है। – आसिफ सहजी, शाहजमाल
मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम के दावों की कलई खोल दी है। इससे विकास की सही तस्वीर सामने आ गई हैं। करोड़ों के विकास कार्य पानी में बहते नजर आ रहे हैं।- विनोद पांडेय, न्यू अशोक नगर
सीवर और ड्रेनेज सिस्टम की खराब स्थिति के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्मार्ट सिटी के दावों के विपरीत, बुनियादी सुविधाओं का अभाव स्पष्ट दिख रहा है। – विशाल सोलंकी, मेलरोज बाईपास
जलनिकासी के हरसंभव उपाय अपनाए जा रहे हैं। नगर निगम की सभी टीमों को सक्रिय किया गया है। पंपिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता से संचालित किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते समस्या पैदा हुई है, जल्द ही इनका समाधान कराया जाएगा। – प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त

