वाराणसी में गुरुवार सुबह सनसनीखेज वारदात हुई। सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर गाँव स्थित अरिहंत नगर कॉलोनी के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने कालोनाइज़र महेंद्र गौतम (54) को दिनदहाड़े गोली मार दी। सुबह लगभग 9 बजे हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
कैसे दी गई वारदात को अंजाम
सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि महेंद्र गौतम अपनी बाइक से कॉलोनी की ओर जा रहे थे। तभी तीन बदमाशों ने उनकी बाइक के समानांतर चलते हुए उन पर फायरिंग शुरू कर दी। पीछे बैठे दो हमलावरों ने कनपटी और सीने पर निशाना साधकर गोलियाँ चलाईं। गोली लगते ही महेंद्र सड़क पर गिर पड़े। राहगीर महिला ने शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश असलहा लहराते हुए रिंगरोड की ओर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों में दहशत
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन लोगों ने घायल महेंद्र को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं।
महेंद्र गौतम की दिनचर्या और घटना का सिलसिला
पुलिस के मुताबिक महेंद्र गौतम रोजाना की तरह गुरुवार सुबह अपने घर बुद्धा सिटी से अरिहंत नगर कॉलोनी के लिए निकले थे। जैसे ही वे कॉलोनी के पास पहुँचे, पहले से पीछा कर रहे बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच और कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। डीसीपी वरुणा ज़ोन प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कॉलोनीवासियों से पूछताछ की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।