Varanasi News: वाराणसी शहर में चल रहे चौराहों के सुंदरीकरण अभियान के तहत प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर भव्य ‘शंख चौराहा’ विकसित किया जा रहा है। दो मंजिला मकान जितनी ऊंचाई और बड़े ट्रक जितनी लंबाई वाला विशाल शंख यहां स्थापित किया जाएगा। इस शंख के आसपास छह पिलर होंगे, जिनके ऊपर भगवान शिव के अस्त्र-शस्त्र और उनका वाहन दर्शाया जाएगा। यह काशी में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की ओर से शहर के तिराहों और चौराहों को नए स्वरूप में विकसित करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर भव्य ‘शंख चौराहा’ बनाया जा रहा है। इस चौराहे के गोलंबर के बीच विशाल शंख स्थापित किया जाएगा, जिसकी ऊंचाई करीब 6 मीटर और लंबाई 8 मीटर होगी। आकार के लिहाज से यह लगभग दो मंजिला मकान जितना ऊंचा और बड़े ट्रक जितना लंबा होगा।
प्रोजेक्ट मैनेजर विनय कुमार ने बताया कि शंख का निर्माण लखनऊ में चल रहा है। इसे मकराना पत्थर से तैयार किया जा रहा है। इसे स्थापित करने के लिए करीब 15 मीटर का मजबूत प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। इस प्लेटफॉर्म के आसपास छह पिलर होंगे। इनमें डमरू-त्रिशूल, नंदी, फरसे के साथ त्रिशूल, शंख और नमस्ते करते हुए हाथ की आकृतियां शामिल होंगी। इससे चौराहा काशी की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगा।

