‘हार आपको ताकती है’, अमिताभ बच्चन के ब्लॉग ने बढ़ाई फैंस की चिंता, अस्पताल, ICU और सर्जरी का बयां किया दर्द

5 Min Read
‘हार आपको ताकती है’, अमिताभ बच्चन के ब्लॉग ने बढ़ाई फैंस की चिंता, अस्पताल, ICU और सर्जरी का बयां किया दर्द

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अक्सर अपने पर्सनल ब्लॉग के जरिए अपने विचार, भावनाएं और जिंदगी के अनुभव फैंस के साथ साझा करते रहते हैं। हाल ही में उनके एक नए ब्लॉग पोस्ट ने फैंस के बीच काफी चिंता पैदा कर दी है। इस पोस्ट में बिग बी ने अस्पताल में भर्ती होने, सर्जरी कराने, आईसीयू में समय बिताने और डिस्चार्ज होने के बाद घर लौटने की चुनौतियों पर खुलकर लिखा है, जिसे पढ़कर उनके प्रशंसक काफी चिंतित हो गए हैं। एक्टर के पोस्ट के बाद फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करने लगे और ये जानने के लिए उत्सुक हो गए कि आखिर उन्हें हुआ क्या था।

अस्पताल और आईसीयू का अनुभव किया बयां

सोमवार को अपने ब्लॉग पर लिखते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा कि कुशल डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की देखरेख में अस्पताल, सर्जरी और आईसीयू का सफर रहा, जिसके बाद डिस्चार्ज और फिर घर वापसी हुई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आने वाली मुश्किलों के बारे में बात करते हुए उन्होंने आगे लिखा कि अस्पताल से घर लौटने के बाद का समय सबसे कठिन दौर होता है। शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक हर तरह से यह फेज चुनौती भरा होता है। आप खुद को एक चैंपियन मानते हैं, लेकिन अचानक एक दिन हार आपके सामने आ खड़ी होती है। जिंदगी का यह मोड़ इंसान के लिए सबसे मुश्किल साबित होता है।

जीवन के नजरिए पर दार्शनिक विचार

अपनी बात को एक सकारात्मक और दार्शनिक सोच के साथ खत्म करते हुए बिग बी ने लिखा कि कुछ लोग इस परिस्थिति का बहादुरी से सामना करते हैं, तो कुछ हार मान लेते हैं। जो लोग संघर्ष करते हैं और हिम्मत बनाए रखते हैं, वे हमेशा विजेता बने रहते हैं। वहीं जो ऐसा नहीं कर पाते, वे पुरानी यादों के सहारे ही अपनी जिंदगी गुजारते हैं। यह पूरी तरह से हर व्यक्ति का अपना फैसला होता है और इसमें कुछ भी सही या गलत नहीं है। बस सेहतमंद रहें और खुश रहें।

पोस्ट पढ़ते ही परेशान हुए प्रशंसक

जैसे ही बिग बी का यह पोस्ट सामने आया, उनके चाहने वालों ने कमेंट सेक्शन में अपनी चिंता जतानी शुरू कर दी। एक फैन ने लिखा कि अमित जी, उम्मीद है कि आप अपनी सेहत के बारे में बात नहीं कर रहे हैं और आप अस्पताल या आईसीयू में नहीं थे। आप जिसके बारे में भी बात कर रहे हैं, उनके जल्द ठीक होने की दुआ करते हैं। वहीं एक अन्य यूजर ने पूछा कि अमिताभ जी, आप किसके बारे में बात कर रहे हैं? हमें चिंता हो रही है, कृपया अपना ख्याल रखें। एक और प्रशंसक ने लिखा कि उम्मीद है कि सब कुछ ठीक होगा। आप हमेशा हर बीमारी से जीतकर एक चैंपियन की तरह उभरे हैं और काम करते रहे हैं। डॉक्टरों की सलाह लें, आप कभी नहीं हारेंगे। खास बात यह है कि इस ब्लॉग पोस्ट से ठीक एक दिन पहले अमिताभ बच्चन ने संडे को अपने जलसा बंगले के बाहर फैंस से मिलने की पुरानी परंपरा निभाई थी और उसकी तस्वीरें भी शेयर की थीं।

अमिताभ बच्चन की आने वाली फिल्में

काम के मोर्चे पर बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही नाग अश्विन की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के दूसरे भाग में नजर आएंगे। इस फिल्म में वे एक बार फिर अश्वत्थामा के दमदार किरदार में दिखेंगे। प्रभास और कमल हासन स्टारर इस फ्रैंचाइजी के पहले भाग ने दुनिया भर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। खबरों के मुताबिक मेकर्स ने साफ किया है कि दीपिका पादुकोण इसके दूसरे पार्ट का हिस्सा नहीं होंगी। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि उन्होंने फिल्म क्यों छोड़ी है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया जा रहा है कि साई पल्लवी, दीपिका को रिप्लेस कर सकती हैं, लेकिन अभी मेकर्स की तरफ से इसका आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।

 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version