नई दिल्ली। महाकुंभ 2025 की वायरल गर्ल मोनालिसा को फिल्म का ऑफर देने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मिश्रा को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद यह गिरफ्तारी हुई।
कई बार दुष्कर्म का आरोप
दिल्ली पुलिस के अनुसार, खुफिया जानकारी जुटाने और तकनीकी निगरानी के बाद दिल्ली पुलिस ने सनोज मिश्रा को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने एक महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया, जो हीरोइन बनने की ख्वाहिश रखती थी।
चार साल तक रेप करने का आरोप
बता दें कि पिछले साल 30 मार्च को 45 वर्षीय सनोज मिश्रा को गाजियाबाद से दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद नबी करीम पुलिस ने उन्हें हिरासत में रखा। निर्देशक पर एक 28 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि उसके साथ चार साल तक सनोज ने रेप किया।
फिल्म अभिनेत्री बनने की ख्वाहिश रखने वाली महिला ने दावा किया कि वह मिश्रा के साथ मुंबई में लिव-इन रिलेशनशिप में थी। महिला के अनुसार शोषण के दौरान निर्देशक ने उसे तीन बार गर्भपात कराने के लिए भी मजबूर किया।
शादी से मुकरे निर्देशक
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि पहले तो सनोज मिश्रा ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसे फिल्मों में काम करने का लालच और धमकी देकर चुप रहने को कहा। बाद में वह शादी के वादे से भी मुकर गए।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस मामले में 6 मार्च 2024 को निर्देशक के खिलाफ बलात्कार, मारपीट, गर्भपात कराने और धमकी देने सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।