प्रतिबंधित दवाइयां रखने का आरोप लगाकर मेडिकल स्टोर संचालक को हिरासत में रखना सर्विलांस सेल प्रभारी समेत पांच पुलिस कर्मियों को महंगा पड़ गया। शिकायत मिलने पर एसएसपी सतपाल अंतिल ने जांच कराने के बाद पांचों पुलिस कर्मियों को निलंबित करते हुए इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसएसपी से जो शिकायत की गई थी उसके अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के फीलखाना रेती स्ट्रीट निवासी उवैद कुरैशी के मेडिकल स्टोर पर एक माह पहले सर्विलांस सेल की टीम ने छापा मारा था।
टीम ने खुद को उड़नदस्ता, ड्रग विभाग की टीम बताकर कार्रवाई की थी। टीम में शामिल रहे सर्विलांस सेल प्रभारी वीर बोस, सिपाही शिवम चिकारा, विपिन शर्मा, यश दहिया और मनोज यादव मेडिकल संचालक पर प्रतिबंधित दवाइयां रखने और बेचने का आरोप लगाते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया था।
आरोप है कि इस दौरान टीम ने मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर भी उखाड़ ली थी। हिरासत में लिए गए उवैद कुरैशी को छोड़ने की एवज में एक लाख रुपये की मांग की गई थी। लंबी चर्चा और बातचीत के बाद पीड़ित ने 40 हजार रुपये दे दिए।
इसके बाद टीम ने उन्हें छोड़ दिया था। टीम के जाने के बाद पीड़ित ने इस पूरे मामले की जानकारी अपने अधिवक्ता भाई जमशेद कुरैशी को दी। जमशेद कुरैशी ने इस मामले की शिकायत एसएसपी सतपाल अंतिम से की। एसएसपी ने सीओ कटघर से मामले की जांच कराई।
पीड़ित ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सीओ को उपलब्ध कराई। फुटेज से पुष्टि हुई कि टीम मेडिकल स्टोर पर पहुंची थी और उवैद कुरैशी को हिरासत में भी लिया था। मंगलवार को जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी सर्विलांस टीम के प्रभारी वीर बोस, सिपाही शिवम चिकारा, विपिन शर्मा, यश दहिया, मनोज यादव को निलंबित कर दिया। सभी के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
मेडिकल स्टोर संचालक और उनके भाई ने टीम की शिकायत की थी। इस मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर सर्विलांस टीम के प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। – सतपाल अंतिल, एसएसपी

