होमगार्ड भर्ती 2026: रेटिना स्कैन से होगी एंट्री, 916 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात; 75 हजार से अधिक आएंगे अभ्यर्थी

3 Min Read
होमगार्ड भर्ती 2026: रेटिना स्कैन से होगी एंट्री, 916 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात; 75 हजार से अधिक आएंगे अभ्यर्थी

होमगार्ड्स भर्ती की लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को जिले के 28 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा को देखते हुए कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। तीन स्तर पर जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने दिया जाएगा। अभ्यर्थी के बायोमेट्रिक मिलान के साथ ही आंखों का रेटिना भी स्कैन किया जाएगा। हर दिन 2 पाली के हिसाब से 6 पालियों में 75168 अभ्यर्थियों को आना है। 1 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

मंगलवार को पुलिस अधिकारियों ने सूरसदन में ब्रीफिंग की। इसमें ड्यूटी में रहने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को परीक्षा से संबंधित दिशानिर्देश से अवगत कराया गया। मुख्य नोडल अधिकारी अतुल शर्मा ने बताया कि 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 480 अभ्यर्थियों वाले केंद्रों की संख्या 20 है। 384 वाले 7 और 240 अभ्यर्थियों की संख्या वाला केंद्र 1 ही है। हर दिन 2 पाली में परीक्षा होगी। हर पाली में 12528 अभ्यर्थी आएंगे।

916 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। हर केंद्र पर 1 सेक्टर और 1 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी रहेगी। एक निरीक्षक को केंद्र का प्रभारी बनाया गया है। इन पर सीसीटीवी का कंट्रोल रूम भी होगा। नोडल कंट्रोल रूम पुलिस लाइन में बनेगा। हर परीक्षा की फीडिंग लखनऊ मुख्यालय भेजी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से हर कक्ष पर नजर होगी। गेट पर चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच होगी। इसमें आंखों का रेटिना भी स्कैन किया जाएगा। इसके बाद परीक्षा कक्ष में कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज चेक करेंगे। किसी तरह की गड़बड़ी होने पर संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी।

पुराने मामलों की डिटेल खंगाल रही पुलिस
आगरा में पूर्व में परीक्षाओं के दौरान सॉल्वर गैंग पकड़े जा चुके हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुराने मामलों की डिटेल खंगाली जा रही है। यह देखा जा रहा है कि आरोपी कहां हैं? वे फिर से अपराध में शामिल तो नहीं हो गए। केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था के अलावा भी सॉल्वर गिरोह को पकड़ने के लिए अलग से टीम को लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सादा कपड़ों में पुलिस की नजर रहेगी।
 
प्रत्येक पाली में अभ्यर्थियों की संख्या – 12528
कुल – 75168
पुलिस बल – 916
निरीक्षक – 82
उप निरीक्षक – 221
मुख्य आरक्षी – 168
आरक्षी – 220
महिला आरक्षी – 109
एलआईयू कर्मी – 28
प्रथम पाली – सुबह 10 से 12 बजे तक
द्वितीय पाली – दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक
Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version