लखीमपुर खीरी/भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। गोहद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-719 पर पिकअप और डंपर की आमने-सामने हुई टक्कर में लखीमपुर खीरी के आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए। हादसे की खबर गांवों में पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई।
धान की रोपाई का काम पूरा कर लौट रहे थे मजदूर
बताया जा रहा है कि लखीमपुर खीरी के मजदूर ग्वालियर-डबरा क्षेत्र में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद पिकअप से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छीमका गांव के पास उनकी पिकअप सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों तथा पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मोहम्मदी और पसगवां के रहने वाले थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों में लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी और पसगवां क्षेत्र के रहने वाले लोग शामिल हैं।
मृतकों की पहचान उपदेश पुत्र मोहन, अमर सिंह पुत्र वंशीधर, सुखदेव पुत्र कंचन, रजनीश पुत्र कंचनलाल निवासी बेला परसिया, थाना मोहम्मदी, गुड्डू पुत्र प्रहलाद पासी निवासी किशनपुर अजीत, थाना पसगवां और सुभाष पुत्र कमलेश निवासी हरना नेवली, थाना मोहम्मदी के रूप में हुई है। दो अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
23 मजदूर घायल, गंभीर घायलों को ग्वालियर भेजा गया
हादसे में घायल हुए 23 मजदूरों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत वाले घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी जैसे ही लखीमपुर खीरी के गांवों में पहुंची, मृतकों और घायलों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन अपने प्रियजनों की जानकारी लेने और मृतकों के शवों को लेने के लिए भिंड रवाना हो गए हैं।
CM योगी ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये
हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इस दर्दनाक हादसे ने उन परिवारों को झकझोर दिया है, जिनके सदस्य रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे जिले में गए थे और काम पूरा कर घर लौटते समय रास्ते में ही उनकी जिंदगी खत्म हो गई।

