आगरा के बोदला-बिचपुरी मार्ग पर एंबुलेंस की टक्कर लगने से ऑटो के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार चालक, उसकी पत्नी और तीन बच्चे 20 मीटर घिसटने के बाद दूरराज गिरे। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों की दृश्य देखकर रूह कांप उठी, लेकिन जिस एंबुलेंस से हादसा हुआ, उसका चालक लोगों की जान बचाने की बजाय वहां से भाग निकला। हालांकि दुर्घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बिचपुरी निवासी लाल सिंह चौधरी ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल मां और दो बच्चे सड़क पर तड़प रहे थे। पिता-पुत्र खून से लथपथ थे। एंबुलेंस सरकारी थी, लेकिन एंबुलेंस चालक ने जिम्मेदारी नहीं निभाई। वह घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचा सकता था। वो एंबुलेंस को लेकर मौके से चला गया। लोगों ने मामले की जांच कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गिरीश अग्रवाल, महावीर प्रधान, चंद्रशेखर, केदार सिंह, चरन सिंह और बहादुर प्रधान समेत कई लोगों ने भी चालक के रवैये पर सवाल उठाए हैं।

