मॉडलिंग करने वाली एक युवती से पंजाब के युवक ने ठगी की। प्रेम विवाह कर नकदी, जेवरात ले लिया। इसके बाद अब पिटाई कर घर से निकाल दिया है। युवती की शिकायत पर कमला नगर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 2019 में पंजाब में मॉडलिंग शो के दौरान मंसा जिले के थाना सिटी क्षेत्र के गुल नानक कॉलेज रोड निवासी कर्मवीर सिंह से मुलाकात हुई थी। उसने दिल्ली के एक मंदिर में ले जाकर प्रेम विवाह किया। शादी के बाद दोनों दिल्ली में रहने लगे। बाद में आगरा आ गए। आरोपी ने भरोसा जीतकर 2.50 लाख रुपये और 10 तोला सोना उनसे ले लिया। सोना मां का था।
इसके बाद आरोपी एक दिन नौकरी के लिए पेपर देने का बहाना बनाकर अकेला छोड़ गया। पंजाब पुलिस से शिकायत की तो आरोपी मुकदमे के डर से अपने साथ ससुराल ले गया। जहां मर्जी के खिलाफ अप्राकृतिक कृत्य करता था। ससुर, सास, देवर और ननद उत्पीड़न करते थे। अब पिटाई कर घर से निकाल दिया गया है। पुलिस कार्रवाई न होने पर वह आगरा लौट आई और अब न्याय की गुहार लगाई है। थाना कमला नगर पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।

