बिहार में जन सुराज पार्टी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। आयकर विभाग की टीम ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के पार्टी कार्यालय पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि पार्टी का यह कार्यालय पटना के वार्ड नंबर 25 में स्थित है। जहां आयकर विभाग के अधिकारी पहुंचकर तलाशी अभियान चला रहे हैं। प्रशांत किशोर के करीबी रवि नारायण सिंह के होटल में भी इनकम टैक्स की रेड पड़ी है।
दस्तावेज खंगाल रही IT की टीम
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम पार्टी कार्यालय के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। टीम की कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों से भी पूछताछ किए जाने की सूचना है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई किस मामले या किस तरह की वित्तीय अनियमितता से जुड़ी है।
प्रशांत किशोर के करीबी के होटल में भी छापेमारी
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के करीबी माने जाने वाले रवि नारायण सिंह से जुड़े होटल में भी आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि होटल परिसर में भी अधिकारियों की ओर से दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं
आयकर विभाग की टीमें पार्टी कार्यालय और होटल समेत संबंधित ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से अभी तक इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उपचुनाव की हलचल तेज
बांकीपुर उपचुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के दफ्तर और प्रशांत किशोर के करीबी से जुड़े होटल में एक साथ आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्टी की ओर से भी फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
अभी इसकी नहीं मिली जानकारी आयकर विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई और कार्रवाई का वास्तविक कारण क्या है। फिलहाल, आयकर विभाग की टीमें दोनों स्थानों पर तलाशी और जांच की कार्रवाई में जुटी हैं।

