IND vs AFG: फाइनल के टिकट के लिए भिड़ेंगे भारत और अफगानिस्तान, कैसा है दोनों का हेड टू हेड रिकॉर्ड?

4 Min Read
IND vs AFG: फाइनल के टिकट के लिए भिड़ेंगे भारत और अफगानिस्तान, कैसा है दोनों का हेड टू हेड रिकॉर्ड?

ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और आज टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे होगी। इस मुकाबले की विजेता टीम 6 फरवरी यानी शुक्रवार को फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी। पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। ऐसे में अब सबकी नजरें इस मुकाबले पर टिकी हैं कि भारत और अफगानिस्तान में से कौन इंग्लैंड को फाइनल में चुनौती देगा।

यूथ ODI में भारतीय टीम का दबदबा

यूथ ODIमें भारत और अफगानिस्तान के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमें अब तक 12 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें भारत ने 10 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि अफगानिस्तान को केवल 2 बार सफलता मिली है। ये दोनों टीमें 2024 के बाद पहली बार आमने-सामने होंगी। हालांकि, अफगानिस्तान ने भारत को U19 लेवल पर आखिरी बार 2019 में हराया था और अब वह सात साल से चली आ रही हार की सीरीज को खत्म करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। भारत की अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों हार भी 2019 की ही द्विपक्षीय सीरीज में आई थीं, जहां अफगान टीम ने पांच मैचों की सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी।

भारत बनाम अफगानिस्तान, हेड टू हेड (यूथ ODI)

कुल मैच खेले गए -12 भारत जीता – 10 अफगानिस्तान जीता – 2 सेमीफाइनल तक का सफर आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम मौजूदा अंडर-19 वर्ल्ड कप में अब तक अजेय रही है। हालांकि, टूर्नामेंट के दौरान टीम की बल्लेबाजी कई मौकों पर दबाव में दिखी, लेकिन इसके बावजूद भारत ने मुश्किल हालात से उबरते हुए हर मैच में जीत हासिल की है। सेमीफाइनल में एक बार फिर टीम को कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद होगी, जो अब तक उम्मीदों पर पूरी तरह खरे नहीं उतर पाए हैं।

वहीं अफगानिस्तान की बात करें तो टीम अपने अब तक के सबसे शानदार U19 वर्ल्ड कप अभियान से गुजर रही है। अफगान टीम ने अब तक सिर्फ एक मैच गंवाया है, जो श्रीलंका के खिलाफ रहा। इससे पहले अफगानिस्तान 2018 और 2022 में सेमीफाइनल तक पहुंचा था, लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना सका। इस बार टीम की नजरें टूर्नामेंट के पहले फाइनल में पहुंचने पर टिकी होंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि भारत अपनी जीत की लय को बरकरार रख पाता है या अफगानिस्तान इतिहास रचते हुए पहली बार U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश करता है।

स्क्वॉड भारत U19 टीम: आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल, हरवंश पंगालिया, मोहम्मद एनान, उधव मोहन, किशन कुमार सिंह।

अफगानिस्तान U19 टीम: उस्मान सादात, खालिद अहमदजई, फैसल शिनोजादा, उजैरुल्लाह नियाजई, महबूब खान (विकेटकीपर/कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, अब्दुल अजीज, रूहुल्लाह अरब, नूरिस्तानी उमरजई, वहीदुल्लाह जादरान, अकील खान, नाजीफुल्लाह अमीरी, खातिर स्टानिकजई, सलाम खान, जैतुल्लाह शाहीन।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version