भारत का एयरपोर्ट देखकर मंत्रमुग्ध हुए इजरायली राजदूत, तारीफ में लिख दी बहुत बड़ी बात

4 Min Read
भारत का एयरपोर्ट देखकर मंत्रमुग्ध हुए इजरायली राजदूत, तारीफ में लिख दी बहुत बड़ी बात

नई दिल्ली: भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने उम्मीद जताई है कि भारतीय कंपनियां जल्द ही इजरायल में भी एयरपोर्ट निर्माण का काम करेंगी। उनका यह बयान उस समय आया है, जब भारत के 2 एयरपोर्ट प्रिक्स वर्साय (Prix Versailles) द्वारा जारी ‘दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट 2026’ की सूची में शामिल किए गए हैं। रूवेन अजार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारत के इजरायल स्थित दूतावास की एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘उम्मीद है कि जल्द ही भारतीय कंपनियां इजरायल में भी एक एयरपोर्ट का निर्माण करेंगी।’

गुवाहाटी और नवी मुंबई एयरपोर्ट को लिस्ट में जगह

इससे पहले इजरायल में भारतीय दूतावास ने अपनी पोस्ट में बताया था कि गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ‘दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट 2026’ की सूची में स्थान मिला है। भारतीय दूतावास ने कहा,

‘भारत अब केवल एयरपोर्ट नहीं बना रहा, बल्कि वैश्विक पहचान वाले आधुनिक स्मारक तैयार कर रहा है।’

दूतावास ने दोनों भारतीय एयरपोर्टों के चयन पर गर्व जताते हुए इसे देश की बड़ी उपलब्धि बताया। उसने आगे कहा कि यह सम्मान भारत में तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास का प्रमाण है।

टॉप 3 में शामिल हुआ गुवाहाटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट

दूतावास के मुताबिक, भारत ऐसे विश्वस्तरीय प्रवेश द्वार तैयार कर रहा है, जो आधुनिक डिजाइन, पर्यावरणीय संतुलन और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत का बेहतरीन मेल हैं। साथ ही ये हर साल लाखों यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव भी उपलब्ध करा रहे हैं। भारतीय दूतावास ने आर्किटेक्चरल डाइजेस्ट पत्रिका का लेख भी साझा किया, जिसका शीर्षक था, ‘दुनिया के 7 सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट, जिनमें भारत के 2 एयरपोर्ट भी शामिल।’ पत्रिका ने लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 को लिस्ट में तीसरा स्थान दिया है।

बेहद अनूठी है गुवाहाटी एयरपोर्ट की वास्तुकला

रिपोर्ट के मुताबिक, इस टर्मिनल का डिजाइन वास्तुकार नूरू करीम ने बांस ऑर्किड (Bamboo Orchid) पौधे से प्रेरित होकर तैयार किया है। टर्मिनल का स्वरूप एक विशाल बांस के जंगल जैसा दिखाई देता है। इसके वेटिंग रूम और ट्रांजिट एरिया में पूर्वोत्तर भारत की पारंपरिक कला और स्थानीय हस्तशिल्प का प्रदर्शन भी किया गया है। पत्रिका के मुताबिक, टर्मिनल की छत पर बने प्राकृतिक आकृति वाले डिजाइन ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियों के प्रवाह को दर्शाते हैं। ये डिजाइन यात्रियों को दिशा समझने में भी मदद करते हैं।

नवी मुंबई एयरपोर्ट को लिस्ट में मिला चौथा स्थान

वहीं, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को इस लिस्ट में चौथा स्थान मिला है। बता दें कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से हाल ही में इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू हुई हैं। पत्रिका के मुताबिक, इस टर्मिनल का पूरा डिजाइन कमल के फूल की थीम पर आधारित है। विश्व प्रसिद्ध वास्तुशिल्प कंपनी जाहा हदीद आर्किटेक्ट्स ने एयरपोर्ट की छत से लेकर फूल जैसी आकृति वाले विशाल स्तंभों तक पूरे डिजाइन में कमल की अवधारणा को अपनाया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इन स्तंभों के बीच लगाए गए इंटरएक्टिव डिजिटल आर्टवर्क यात्रियों को एक अलग और आकर्षक अनुभव देते हैं तथा ट्रांजिट क्षेत्र को रंगीन और जीवंत बनाते हैं। (ANI से इनपुट्स के साथ)

 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version