Kanpur: पनकी में फिर सुलग उठा कूड़े का पहाड़, जहरीले धुएं ने उखड़ने लगी सांस, टेंडर के खेल में फंसा निस्तारण

3 Min Read
Kanpur: पनकी में फिर सुलग उठा कूड़े का पहाड़, जहरीले धुएं ने उखड़ने लगी सांस, टेंडर के खेल में फंसा निस्तारण

कानपुर में पनकी के ग्राम भऊ सिंह स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में सोमवार दोपहर को आग लग गई। इसके जहरीले धुएं से बदुआपुर सहित आसपास के पांच गांवों और राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कत हुई। आग बुझाने के तमाम प्रयासों के बावजूद देर शाम तक कूड़ा सुलगता रहा। प्लांट में डेढ़ दशक से भी ज्यादा समय से डाले जा रहे कूड़े के पहाड़ बढ़ते जा रहे हैं, जिससे बदबू और बार-बार आग लगने की समस्या है।

कूड़े की बदबू और जहरीले धुएं से परेशान गांवों के लोगों ने इससे निजात दिलाने की मांग की है। नगर निगम अभी तक कूड़ा निस्तारण के लिए योग्य ठेकेदार कंपनी तय नहीं कर पाया है। टेंडर में चयनित कंपनियों के नाम और दरें एनआईसी वेबसाइट पर अपलोड हो चुकी हैं। साढ़े तीन साल पहले ईको स्टेन कंपनी को ठेका मिला था जिसे 21 करोड़ रुपये का भुगतान भी हुआ।

जमीन न मिलने से काम शुरू नहीं हुआ
कंपनी काम पूरा नहीं कर पाई इसलिए उसे हटा दिया गया। तीन साल पहले सीयूजीएल कंपनी ने कूड़े से गैस प्लांट लगाने की बात कही, लेकिन जमीन न मिलने से काम शुरू नहीं हुआ। नगर निगम सदन में सीयूजीएल के अनुबंध पर सवाल उठे और उसे निरस्त करने की मांग की गई। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय इसी संबंध में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार से मिलने लखनऊ गए।

नाम पर अभी मुहर नहीं लग पाई है
इसके बाद नगर निगम ने कूड़ा निस्तारण के लिए नए टेंडर मांगे। ईस्टर्न ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर प्राइवेट लिमिटेड, एनवायर्नमेंटल टेक्नो और भूमि ग्रीन कंपनी ने टेंडर डाले। भूमि ग्रीन तकनीकी बिड में अयोग्य हो गई। वित्तीय बिड में ईस्टर्न ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर प्राइवेट लिमिटेड ने सबसे कम धनराशि की पेशकश की। एनआईसी वेबसाइट में गत दिवस इस टेंडर की जानकारी अपलोड होने के बावजूद पहले नंबर पर आई कंपनी के नाम पर अभी मुहर नहीं लग पाई है।

बदुआपुर स्थित प्लांट में कूड़े में लगी आग बुझा दी गई है। कूड़ा निस्तारण के लिए टेंडर कमेटी की स्वीकृति के बिना कंपनी का नाम घोषित नहीं होगा। कमेटी दरों की समीक्षा कर सकती है या दोबारा टेंडर भी करा सकती है। 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version